
अनमोल बिश्नोई
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड के मुख्य साजिशकर्ता अनमोल बिश्नोई को अमेरिका ने देश से बाहर कर दिया है। यूनाइटेड स्टेट्स ऑफ़ अमेरिका के डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी (DHS) ने एनसीपी नेता और पूर्व विधायक जीशान सिद्दीकी को ईमेल भेजकर इसकी पुष्टि की है।
अमेरिका की धरती से किया गया निष्कासित
ईमेल में बताया गया कि 18 नवंबर को अनमोल बिश्नोई को आधिकारिक रूप से अमेरिका की धरती से निष्कासित कर दिया गया है। यूएस इमिग्रेशन विभाग की गिरफ्त में अनमोन बिश्नोई आया था। इसके बाद अब गैंगस्टर अनमोल बिश्नोई को भारत लाया जा रहा है।
बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का है मुख्य आरोपी
अनमोल बिश्नोई गैंगस्टर लारेंस बिश्नोई का भाई है। अनमोल बिश्वोई बाबा सिद्दीकी हत्याकांड का आरोपी है। सुरक्षा और कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद अनमोल बिश्नोई को जल्द ही भारतीय जांच एजेंसियों को सौंप दिया जाएगा। संगठित अपराध और उससे जुड़े अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के खिलाफ चल रही कार्रवाई में इस घटनाक्रम को एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
फरवरी में लिया गया था हिरासत में
लॉरेंस बिश्नोई का छोटा भाई अनमोल बिश्नोई अमेरिका में फरवरी महीने में हिरासत में लिया गया था। वह वहीं छिपकर भारत में लगातार आपराधिक घटनाओं की साजिश रचने और उन्हें अंजाम देने में शामिल था। लेकिन यूएस इमिग्रेशन डिपार्टमेंट की कार्रवाई के बाद वह उनके हत्थे चढ़ गया, जिसके बाद अब उसे अमेरिका से बाहर कर दिया गया है।
जीशान सिद्दीकी की आई प्रतिक्रिया
अनमोल बिश्नोई के भारत लाने पर बाबा सिद्दीकी के बेटे जीशान सिद्दीकी का बयान सामने आया है। जीशान ने कहा, ‘मैंने और परिवार ने अमेरिका के सारे डिपार्टमेंट में कॉन्टेक्ट किया था। अनमोल बिश्नोई के बारे में आज हमें अमेरिका से मेल मिला है। इसमें बताया गया कि अनमोल बिश्नोई को अमेरिका की धरती से बाहर कर दिया गया है। तो क्या वो हिंदुस्तान आ रहा है, यदि वो यहां आ रहा है तो हमें अलर्ट रहकर उसे मुंबई लाना चाहिए। उससे पूछताछ करनी चाहिए।’





































