
इंडिया टीवी
नई दिल्ली: देश के प्रमुख हिंदी न्यूज ब्रॉडकास्टर्स में शुमार इंडिया टीवी के आधिकारिक यूट्यूब चैनल को अज्ञात रूसी साइबर अपराधियों ने हैक कर लिया। इसके चलते उसके आर्काइव्स से दो लाख से ज्यादा वीडियो डिलीट हो गए और यूट्यूब लाइव फ़ीड बाधित हो गया। यह घटना ऐसे समय में हुई है जब भारतीय संस्थान और मीडिया प्लेटफ़ॉर्म साइबर अपराधियों और भारत के दुश्मनों के हमलों का शिकार हो रहे हैं।
निशाने पर डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर
आज बॉम्बे हाईकोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी भी मिली। भारत एक शांतिप्रिय देश है, लेकिन कुछ साइबर अपराधी ऐसे भी हैं जो नहीं चाहते कि भारत एक वैश्विक शक्ति के रूप में उभरे। ऐसी स्थिति में भारत की डिजिटल और संस्थागत सुरक्षा को लगातार ख़तरा बना हुआ है। पिछले कुछ वर्षों में भारत ऐसे साइबर हमलों का केंद्र रहा है, जहां इसके मीडिया, संस्थान, सरकारी संपत्तियां और डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर लगातार निशाने पर रहे हैं।
व्यवस्था में लोगों के भरोसे को कमजोर करने की कोशिश
इस तरह के बार-बार किए गए प्रयास भारत विरोधी ताकतों की चुनौतियों को दर्शाते हैं। ये भारत विरोधी ताकतें यहां की स्थिरता और व्यवस्था में लोगों के भरोसे को कमजोर करने की लगातार कोशिश कर रहे हैं। वे भारत के बढ़ते वैश्विक प्रभाव और मजबूत लोकतांत्रिक लोकाचार को भी कमजोर करने का प्रयास कर रहे हैं।
स्वतंत्र पत्रकारिता के महत्वपूर्ण स्तंभों को कमज़ोर करने का प्रयास: रितु धवन
इंडिया टीवी की मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ रितु धवन ने कहा, “हमारे यूट्यूब चैनल पर हाल ही में एक बड़ा साइबर हमला हुआ है। यह हमारे चैनल पर हमला नहीं है, बल्कि स्वतंत्र पत्रकारिता के महत्वपूर्ण स्तंभों को कमज़ोर करने का प्रयास है। हम ऐसी कोशिशों की कड़ी निंदा करते हैं, जो मीडिया को चुप कराने और हमारे लोकतांत्रिक मूल्यों को कमज़ोर करने के लिए किए जा रहे हैं। हमारी टीमें यूट्यूब और साइबर सुरक्षा अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रही हैं ताकि डिलीट किए गए कंटेंट को रिस्टोर किया जा सके और हमारे सुरक्षात्मक उपायों को बढ़ाया जा सके। हम बिना किसी रुकावट के अपने विशाल दर्शक वर्ग तक प्रामाणिक, सटीक और समय पर न्यूज और व्यूज पहुंचाते रहने के लिए प्रतिबद्ध हैं।”






































