
मेरा बूथ-सबसे मजबूत कार्यक्रम
नई दिल्ली: PM मोदी ने मेरा बूथ-सबसे मजबूत कार्यक्रम के तहत बिहार के कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। उन्होंने कहा, “मेरा बूथ, सबसे मजबूत-ये सिर्फ एक कार्यक्रम नहीं है, ये जमीनी स्तर पर भाजपा की सफलता की सबसे मजबूत कड़ी है। जैसे पुरानी कहावत है- बूंद-बूंद से घड़ा भरता है। वैसे ही जब हर बूथ सबसे मजबूत होता है, तभी पार्टी को सफलता मिलती है। इसलिए ये देखकर मुझे बहुत अच्छा लगा कि बिहार भाजपा का हर कार्यकर्ता ‘मेरा बूथ, सबसे मजबूत’ का संकल्प लेकर आगे बढ़ रहा है।”
पीएम मोदी ने और क्या कहा?
पीएम मोदी ने कहा, “आजकल दीपावली, छठ पूजा और अन्य उत्सवों की तैयारियां जोरों पर है। बिहार में लोकतंत्र के महाउत्सव की शुरूआत भी हो चुकी है। आप भी दिनभर चुनाव से जुड़े कार्यक्रमों में व्यस्त रहते हैं। आप सभी के परिश्रम को भाजपा का हर कार्यकर्ता बहुत ही गौरव के साथ देखता है। आप सभी को मैं बहुत-बहुत शुभकामनाएं देता हूं।”
पीएम मोदी ने कहा, “आज बिहार के हर घर से एक ही आवाज सुनाई दे रही है। एकजुट एनडीए, एकजुट बिहार, इससे बनेगी सुशासन की सरकार।”
पीएम मोदी ने कहा, “इस बार बिहार में डबल दिवाली आने वाली है। एक तो नवरात्रि के पहले दिन जीएसटी के कारण लोगों ने दिवाली मनाई। अब 20 अक्टूबर को दिवाली है, वो हम मनाने जा रहे हैं। लेकिन इस बार का बिहार का मिजाज, 14 नवंबर को एनडीए की विजय वाली दिवाली भी मनानी है। इसमें हर बार की तरह बिहार की बहन-बेटियों की बहुत बड़ी भूमिका रहेगी।”
पीएम मोदी ने कहा, “मुझे ये जानकर बहुत अच्छा लगा कि बिहार की एनडीए सरकार ने हाल में जो महिला रोजगार योजना शुरू की है, उससे बहनें बहुत खुश हैं। बिहार के एक करोड़ 20 लाख बहनों के खाते में हरेक बहन को 10 हजार रुपए भेजे जा चुके हैं।”
पीएम मोदी ने कहा, “आज बिहार में बेहतर माहौल बना है। इसका सबसे ज्यादा फायदा हमारे नौजवानों को हो रहा है। आज जो 18-25 साल के नौजवान हैं, इन्होंने वो दौर नहीं देखा है, जिसने बिहार को तबाह कर दिया। हमलोगों ने तो बिहार में वो दौर देखा है, जब यहां का बहुत बड़ा हिस्सा नक्सलवाद से प्रभावित था। हालत ये थी कि नक्सली आए दिन रेल की पटरियां उड़ा देते थे। मालगाड़ी से कोयले और सीमेंट की लूट हुआ करती थी। लोग शाम को 5-6 बजे के बाद घर से निकलने से डरते थे। गर्भवती महिलाओं को अस्पताल ले जाने की स्थिति तक नहीं होती थी।”
कांग्रेस और आरजेडी पर साधा निशाना
पीएम मोदी ने कहा, “2004 से 2014 तक केंद्र में कांग्रेस और आरजेडी की सरकार थी। तब बिहार को 10 साल में सिर्फ 2 लाख करोड़ रुपए मिले थे। लेकिन जब आपने मुझे मौका दिया, तो हमने 2014 से 2024, इन 10 साल में 9 लाख करोड़ रुपए बिहार के लिए दिए हैं।”
पीएम मोदी ने कहा, “आज बिहार की स्थिति बदली है और बहुत मेहनत करके बदली है। आज हम नक्सलवाद को जड़ से खत्म करने की स्थिति में आ गए हैं।”






































