
बोलेरो ने दो स्कूली छात्रों को रौंदा।
क्योंझर: ओडिशा के क्योंझर जिले के बोलानी टाउनशिप में एक दर्दनाक हादसा देखने को मिला। यहां बोलेरो गाड़ी ने दो स्कूली बच्चों को टक्कर मार दी। यह घटना बिरसा मुंडा क्लब और मस्जिद रोड के पास हुई, जो बोलानी पुलिस थाना क्षेत्र के अंतर्गत आता है। हादसे में घायल बच्चों की पहचान आयुष लुगुन और राशिक पूर्ति के रूप में हुई है। दोनों बच्चे स्थानीय सरकारी स्कूल में पढ़ते हैं और स्कूल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान एक बोलेरो ने उन्हें जबरदस्त टक्कर मार दी और उनके ऊपर से चढ़ कर चली गई। घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई है।
घायलों का इलाज जारी
सीसीटीवी फुटेज में देखा जा सकता है कि बोलेरो चालक बेहद लापरवाही से गाड़ी चला रहा था, जिससे यह हादसा हुआ। वहीं घटना के बाद आस-पास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों बच्चों को बोलानी सेल अस्पताल पहुंचाया। हालांकि चोटें गंभीर होने की वजह से उन्हें बाद में क्योंझर जिला अस्पताल रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है।
आरोपी चालक फरार
वहीं पुलिस ने CCTV फुटेज और स्थानीय लोगों के बयान के आधार पर जांच शुरू कर दी है। हालांकि अभी तक गाड़ी के मालिक और ड्राइवर की पहचान नहीं हो सकी है। घटना के बाद इलाके में काफी तनाव का माहौल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से मांग की है कि ड्राइवर को जल्द गिरफ्तार किया जाए और सख्त कार्रवाई की जाए, क्योंकि बोलानी टाउनशिप के लोगों में अब डर का साया है।
हादसे का सीसीटीवी फुटेज आया सामने
इस दर्दनाक हादसे की पूरी घटना पास के एक CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है। वीडियो में देखा जा सकता है कि बच्चे सड़क किनारे खड़े थे, तभी दूसरी ओर से आ रही बोलेरो बिना ब्रेक मारे सीधे उन्हें टक्कर मार देती है। टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों बच्चे नीचे गिर गए और बोलोरो उनके ऊपर से चढ़ कर चली गई। (इनपुट- शुभम कुमार)







































