
पुलिस ने 117 लोगों को गिरफ्तार किया है।
ओडिशा में होने वाली सब-इंस्पेक्टर भर्ती परीक्षा से पहले एक बड़े घोटाले का पर्दाफाश हुआ है। पुलिस ने इस घोटाले में शामिल 117 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें 114 उम्मीदवार और 3 एजेंट भी शामिल हैं। पुलिस ने बुधवार को एक लिखित बयान जारी कर इस पूरे मामले की विस्तृत जानकारी दी है।
कैसे हुआ खुलासा?
पुलिस को एक गुप्त सूत्र से जानकारी मिली कि ओडिशा पुलिस भर्ती बोर्ड यानी OPRB द्वारा आयोजित की जा रही आगामी एसआई परीक्षा को लेकर बड़े पैमाने पर गड़बड़ी की जा रही है। इस सूचना के बाद बरहमपुर पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए आंध्र प्रदेश सीमा के पास तीन एसी स्लीपर बसों को रोका। जांच में पता चला कि इन बसों में कुल 117 लोग सवार थे, जिनमें से 114 लोग एसआई परीक्षा के लिए आवेदन किए उम्मीदवार थे। उनके साथ तीन एजेंट भी मौजूद थे।
जांच में पता चला कि ये सभी उम्मीदवार भुवनेश्वर के बरमुंडा से तीन बसों में सवार हुए थे और उन्हें आंध्र प्रदेश के विजयनगरम के किसी गुप्त स्थान पर ले जाया जा रहा था। वहां उन्हें परीक्षा का गुप्त प्रश्नपत्र देने का वादा किया गया था।
एजेंटों ने किया था प्रश्नपत्र पहले ही लीक कराने का वादा
इस पूरी साजिश में एजेंटों ने वादा किया था कि प्रश्नपत्र पहले ही लीक करा दिया जाएगा, जिससे उम्मीदवार बिना मेहनत के परीक्षा पास कर सकें। इसके बदले हर उम्मीदवार से 25 लाख रुपये लिए जा रहे थे। 10 लाख रुपये एडवांस में और बाकी के 15 लाख रुपये नौकरी मिलने के बाद।
फिलहाल पुलिस ने जिन 3 एजेंटों को पकड़ा है, वे इस पूरे रैकेट के सदस्य हैं। वे खुद अन्य बड़े एजेंटों के निर्देश पर काम कर रहे थे। पुलिस का कहना है कि यह एक संगठित गिरोह है, जो राज्यभर में फैला हुआ है। जांच में सामने आया है कि और भी कई एजेंट इस रैकेट में शामिल हैं। पुलिस ने कहा है कि उनकी पहचान की जा रही है और जल्दी ही उन्हें भी गिरफ्तार किया जाएगा।
117 लोग गिरफ्तार
इस मामले में बरहमपुर पुलिस जिले के गोलंथरा थाना में केस दर्ज किया गया है। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 319(2),318(4), 338, 336(3), 340(2), 111, 61(2), 3(5) सहित ओडिशा पब्लिक एग्जामिनेशन (अनफेयर मीन्स रोकथाम) अधिनियम 2024 की धारा 11(1) और 12(1) लगाई गई हैं। पुलिस ने बताया कि सभी 117 लोगों को औपचारिक रूप से गिरफ्तार कर लिया गया है और उन्हें कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं, आगे की जांच जारी है ताकि इस घोटाले से जुड़े बाकी लोगों की पहचान की जा सके और उन्हें भी सजा दिलाई जा सके।
कानून मंत्री ने क्या कहा?
ओडिशा के कानून मंत्री पृथ्वीराज हरिचंदन ने कहा,”हमारी सरकार आने के बाद यहां पहले जैसे 24 सालों में परीक्षाएं हो रही थी ,उसमें एक बड़ा बदलाव हम लोग लाए थे। दंड के प्रावधानों में भी बदलाव हुए थे चाहे वह फाइन हो या जेल की सजा। हमलोगों ने सभी प्रावधानों में सुधार कर दंड को बढ़ाने की पॉलिसी लाई थी। इसके बावजूद भी कुछ शरारती तत्व ऐसे गैरकानूनी काम कर रहे हैं। एसआई परीक्षा मामले में हमलोगों ने गिरफ्तारियां की हैं। अभी हमारी जांच चल रही है। एक बार जांच पूरी हो जाए,इस मामले में जो भी शामिल है,उस पर कठोर एक्शन लिया जाएगा। जांच में जो कोई भी शामिल पाया जाता है, चाहे वह एजेंसी हो,कोई राजनीतिक व्यक्ति हो या कोई सरकारी कर्मचारी हो,उस पर सख्त एक्शन लिया जाएगा।”
इससे पहले, ओडिशा पुलिस भर्ती बोर्ड यानी OPRB ने भी परीक्षा में गड़बड़ी की बात मानी थी और 5-6 अक्टूबर को होने वाली CPSE-2024 परीक्षा को स्थगित कर दिया था। बोर्ड ने एक हेल्पलाइन नंबर 9040493223 भी जारी किया है, जहां आम लोग या परीक्षार्थी किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी दे सकते हैं।
(ओडिशा से शुभम कुमार की रिपोर्ट)







































