
भारतीय नौसेना की जाबांज ऑफिसर्स दिलना और रूपा।
नई दिल्ली: पीएम मोदी ने आज रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 126वें एपिसोड के जरिए देश को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने देश की सांस्कृतिक विरासत को वैश्विक पहचान दिलाने, स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और नारी शक्ति के साथ नौसेना के पराक्रम की सराहना की। पीएम मोदी ने इस दौरान देश की दो बहादुर बेटियों का भी जिक्र किया।
देश की बेटियां लहरा रहीं परचम
पीएम मोदी ने मन की बात कार्यक्रम में कहा, “नवरात्रि के इस समय में हम शक्ति की उपासना करते हैं, हम नारी शक्ति का उत्सव मनाते हैं। बिजनेस से लेकर स्पोर्ट्स तक और एजुकेशन से लेकर साइंस तक आप किसी भी क्षेत्र को लीजिए, देश की बेटियां हर जगह अपना परचम लहरा रहीं है। आज वे ऐसी चुनौतियों को भी पार कर रही हैं, जिनकी कल्पना तक मुश्किल है।”
बहादुर बेटियों ने दिखाया क्या होता है साहस
पीएम मोदी ने आगे कहा, “अगर मैं आपसे यह सवाल करूं कि क्या आप समंदर में लगातार आठ महीने तक रह सकते हैं, क्या आप समंदर में पतवार वाली नाव यानि हवा के वेग से आगे बढ़ने वाली नाव से 50 हजार किमी की यात्रा कर सकते हैं, वो भी तब जब समंदर में कभी भी मौसम बिगड़ सकता है। ऐसा करने से पहले आप हजार बार सोचेंगे, लेकिन भारतीय नौसेना की दो बहादुर ऑफिसर्स ने नाविका सागर परिक्रमा के दौरान ऐसा कर दिखाया है। उन्होंने दिखाया है कि साहस और दृढ़ संकल्प होता क्या है।”
पीएम मोदी ने दिलना और रूपा का कराया परिचय
पीएम मोदी ने भारतीय नौसेना की इन दो बहादुर ऑफिसर्स का परिचय भी कराया। पीएम मोदी ने कहा, “आज मैं मन की बात के श्रोताओं को इन जाबांज ऑफिसर्स से मिलवाना चाहता हूं- एक हैं लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना और दूसरी हैं लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा।” इसके बाद दोनों ऑफिसर्स ने पीएम मोदी से फोन पर बात की। इस दौरान दोनों ने इस यात्रा के दौरान उनका अनुभव कैसा रहा यह पीएम मोदी और देश के साथ साझा किया।



































