
अगर आप दिल्ली से सटे ग्रेटर नोए़डा वेस्ट में रहते हैं या वहां आना-जाना होता है तो आपके लिए एक लेटेस्ट अपडेट है। चार मूर्ति चौक पर ट्रैफिक जाम से परेशान वाहन चालकों को जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। खबर के मुताबिक, यहां बन रहे अंडरपास की छत (स्लैब) का काम अपने आखिरी चरण में है, और अधिकारियों ने इसे जल्द ही वाहनों के लिए खोलने की तैयारी शुरू कर दी है। इससे शुरुआती चरण में, वाहन अंडरपास के ऊपर से गुजर पाएंगे, जिससे ट्रैफिक का दबाव काफी हद तक कम होने की उम्मीद है। हालांकि, अंडरपास का पूरा निर्माण कार्य दोनों दिशाओं में, अगले छह महीनों में पूरा होने की संभावना है।
तेजी से काम करने के निर्देश
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) एन. जी. रवि कुमार ने हाल ही में खुद मौके पर जाकर निर्माण कार्य का जायजा लिया है। उन्होंने अधिकारियों को काम में तेजी लाने और जल्द से जल्द अंडरपास की छत को पूरा करके उसे ट्रैफिक के लिए खोलने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान, सीईओ ने अंडरपास के चारों ओर पैदल घूमकर काम की गुणवत्ता का मूल्यांकन किया। उन्होंने सर्विस रोड की चौड़ाई बढ़ाने और उनकी मरम्मत करने के भी आदेश दिए। इसके अलावा, उन्होंने फुटओवर ब्रिज में लगी लिफ्ट की नियमित देखरेख सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया।
सड़क और बस-वे प्रोजेक्ट पर भी फोकस
सीईओ ने 60 मीटर और 80 मीटर रोड की प्रगति का भी जायजा लिया। ऐस सिटी के पास, 60 मीटर और 130 मीटर रोड को जोड़ने का काम जमीन विवाद के कारण लगभग 100 मीटर की दूरी पर रुका हुआ है। सीईओ ने इस समस्या को तुरंत हल करने और सड़क का काम पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने 130 मीटर रोड पर चल रहे बस-वे प्रोजेक्ट को इसी वित्तीय वर्ष में पूरा करने के लिए भी कहा।
एसीईओ ने भी लिया जायजा
बीते रविवार को को एसीईओ सुमित यादव ने भी इस क्षेत्र का दौरा किया था। उन्होंने चार मूर्ति चौक पर निर्माण की गुणवत्ता की जांच की और गौड़ सिटी-2 के 12वें एवेन्यू के सामने की सड़क का भी निरीक्षण किया। स्थानीय निवासियों ने सड़कों की मरम्मत और सेंट्रल वर्ज पर दीवार बनाने की मांग की थी। इसके अलावा, उन्होंने सेक्टर-4 की खराब सड़कों और गड्ढों को तत्काल भरने के निर्देश भी दिए। कुल मिलाकर आने वाले कुछ महीनों में चार मूर्ति से गुजरना आसान होने वाला है।





































