
चीन जाने वाले भारतीयों को सरकार ने सावधान किया।
चीन के शंघाई एयरपोर्ट पर हाल ही में भारतीय नागरिक को परेशान करने का मामला सामने आया था। इस घटना को लेकर देशभर में हंगामा देखने को मिला था। अब भारत सरकार के विदेश मंत्रालय ने इस घटना को लेकर पूछे गए सवाल पर जवाब दिया है। विदेश मंत्रालय ने भारतीय नागरिकों को चीन की यात्रा करते वक्त सावधान रहने को कहा है। विदेश मंत्रालय के आधिकारिक प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा है कि चीन जाते समय या देश से गुजरते समय पूरी समझदारी से काम लें।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने कहा- “हम आपकी चिंताओं को समझते हैं। शंघाई हवाई अड्डे पर हाल ही में हुई घटना का आपने ज़िक्र किया है। इस सिलसिले में हम अपेक्षा करते हैं कि चीनी प्राधिकारी इस बात का आश्वासन प्रदान करें कि चीनी हवाई अड्डों से गुजरने वाले किसी भी भारतीय नागरिक को विशेष रूप से निशाना नहीं बनाया जाएगा। न ही मनमाने ढंग से उन्हें रोका या परेशान किया जाएगा। और चीनी पक्ष अंतर्राष्ट्रीय हवाई यात्रा को नियंत्रित करने वाले नियमों का पालन करेंगे। विदेश मंत्रालय भारतीय नागरिकों को सलाह देता है कि वे उचित सावधानी बरते जब वो चीन की यात्रा कर रहें हो या वहां से गुजर रहें हो।”





































