
जश्न मनाते भारतीय टीम के खिलाड़ी
टी20 विश्व कप 2026 में भारतीय टीम की जीत पर पीएम मोदी ने दिल खोलकर बधाई दी। उन्होंने कहा कि भारत की यह जीत पक्के इरादे और टीमवर्क को दर्शाती है। पूरी टीम की तारीफ करते हुए उन्होंने लिखा कि इस जीत ने हर भारतीय के दिल को खुशी से भर दिया है। गृहमंत्री अमित शाह ने भी खिलाड़ियों को खुले दिल से सराहा। उन्होंने लिखा कि हर भारतीय को गर्व महसूस कराने के लिए पूरी टीम को बधाई।
भारत ने टी20 विश्व कप 2026 के फाइनल में न्यूजीलैंड को 96 रन से हराकर तीसरी बार यह टूर्नामेंट जीता। इससे पहले 2007 में महेंद्र सिंह धोनी और 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में टीम इंडिया ने टी20 विश्व कप जीता था। अब सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में तीसरी बार भारत टी20 चैंपियन बना।
पीएम मोदी ने क्या लिखा?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर लिखा, “चैंपियंस! आईसीसी मेन्स टी-20 वर्ल्ड कप जीतने पर भारतीय टीम को बधाई! यह शानदार जीत ज़बरदस्त स्किल्स, पक्के इरादे और टीमवर्क को दिखाती है। उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में जबरदस्त हिम्मत दिखाई है। इस जीत ने हर भारतीय के दिल को गर्व और खुशी से भर दिया है। बहुत बढ़िया, टीम इंडिया! भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर जीत लिया
गृहमंत्री ने क्या लिखा?
अमित शाह ने लिखा, “क्या जीत है,वर्ल्ड चैंपियन टीम इंडिया को सलाम। पूरे टूर्नामेंट में आपके शानदार प्रदर्शन और जोश के जबरदस्त प्रदर्शन ने देश को गौरव और गर्व दिलाया है। हर भारतीय को गर्व महसूस कराने के लिए पूरी टीम को बधाई।”
संजू बने मैन ऑफ द मैच
टॉस हारकर पहले बैटिंग करते हुए भारत ने पांच विकेट खोकर 255 रन बनाए। इसके जवाब में कीवी टीम 19 ओवर में 159 रन पर सिमट गई। भारत के लिए सबसे ज्यादा 89 रन संजू सैमसन ने बनाए। अभिषेक शर्मा ने 52 और ईशान किशन ने 54 रन का योगदान दिया। अंत में शिम दुबे ने 8 गेंद में 26 रन बनाकर भारत को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। न्यूजीलैंड के जेम्स नीशम ने 3 विकेट लिए। न्यूजीलैंड के लिए टिम सीफर्ट ने 52 और कप्तान सैंटनर ने 43 रन बनाए। इन दोनों के अलावा कोई भी बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सका। भारत के जसप्रीत बुमराह ने 4 और अक्षर पटेल ने तीन विकेट लिए।
नेताओं ने भारतीय टीम को सराहा
भारत की जीत के बाद सोशल मीडिया पर नेताओं ने खिलाड़ियों को सराहा। केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से लेकर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और महाराष्ट्र सीएम देवेंद्र फडणवीस ने टीम इंडिया की तारीफ की।
यह भी पढ़ें-
संजू सैमसन ने टी20 वर्ल्ड कप फाइनल में बनाया बड़ा रिकॉर्ड, फिफ्टी लगाकर विराट कोहली की कर ली बराबरी






































