
Post Office Schemes: भारत का डाक विभाग सिर्फ डाक सेवाएं ही नहीं बल्कि कई तरह की बैंकिंग सेवाएं भी देता है। डाकघर में साधारण बचत खाते के साथ ही आरडी खाते, एफडी खाते, किसान विकास पत्र, मंथली इनकम स्कीम जैसे तमाम बचत योजनाओं में खाता खुलवाया जा सकता है। एफडी की बात करें तो डाकघर में 1 साल, 2 साल, 3 साल और 5 साल की अवधि के लिए एफडी खाता खुलवाया जा सकता है। आपको जानकर हैरानी हो सकती है कि डाकघर में एफडी खातों पर बैंकों की तुलना में ज्यादा ब्याज मिल रहा है। यहां हम जानेंगे कि डाकघर की एफडी स्कीम में 1 लाख रुपये जमा करें तो कितना रिटर्न मिलेगा।
एफडी खातों पर 7.5 प्रतिशत तक का बंपर ब्याज दे रहा है डाकघर
डाकघर की एफडी स्कीम में 1 लाख रुपये जमा करने पर कितना रिटर्न मिलेगा, ये इस बात पर निर्भर करता है कि आप कितनी अवधि के लिए खाता खुलवा रहे हैं। डाकघर 1 साल की एफडी पर 6.9 प्रतिशत, 2 साल की एफडी पर 7.0 प्रतिशत, 3 साल की एफडी पर 7.1 प्रतिशत और 5 साल की एफडी पर 7.5 प्रतिशत का ब्याज दे रहा है। इसके अलावा, आपको एक खास बात का ध्यान रखना होगा कि डाकघर में एफडी खाते टीडी (टाइम डिपोजिट) के नाम से खोले जाते हैं। डाकघर का टीडी खाता बिल्कुल बैंकों के एफडी खाते की तरह ही होता है, जिसमें आपको मैच्यॉरिटी पर फिक्स ब्याज के साथ पूरा पैसा वापस मिल जाता है।
डाकघर में 1,00,000 रुपये जमा करें तो कितना मिलेगा रिटर्न
अगर आप डाकघर में 1 साल की एफडी में 1 लाख रुपये जमा करते हैं तो आपको मैच्यॉरिटी पर कुल 1,07,081 रुपये मिलेंगे, जिसमें 7081 रुपये का रिटर्न शामिल है। अगर आप डाकघर में 2 साल की एफडी में 1 लाख रुपये जमा करते हैं तो आपको मैच्यॉरिटी पर कुल 1,14,888 रुपये मिलेंगे, जिसमें 14,888 रुपये का रिटर्न शामिल है। अगर आप डाकघर में 3 साल की एफडी में 1 लाख रुपये जमा करते हैं तो आपको मैच्यॉरिटी पर कुल 1,23,508 रुपये मिलेंगे, जिसमें 23,508 रुपये का रिटर्न शामिल है। अगर आप डाकघर में 5 साल की एफडी में 1 लाख रुपये जमा करते हैं तो आपको मैच्यॉरिटी पर कुल 1,44,995 रुपये मिलेंगे, जिसमें 44,995 रुपये का रिटर्न शामिल है।





































