
कई शहरों में कमर्शियल गैस की सप्लाई ठप पड़ गई है।
Commercial LPG Supply Crisis India: मध्य पूर्व में इजरायल-अमेरिका और ईरान के बीच जारी जंग की वजह से दुनिया भर में पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस की सप्लाई पर असर बड़ा है। मौजूदा भू-राजनीतिक तनाव और LPG आपूर्ति में रुकावट को देखते हुए पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्रालय ने बड़ा फैसला लिया है। मंत्रालय ने तेल रिफाइनरियों को निर्देश दिया है कि वे ज्यादा LPG बनाएं और उसका इस्तेमाल सिर्फ घरेलू LPG के लिए करें। जमाखोरी और ब्लैक मार्केटिंग रोकने के लिए अब 25 दिन का इंटर-बुकिंग पीरियड शुरू कर दिया गया है। मंत्रालय ने साफ कहा है कि आयातित LPG से गैर-घरेलू सप्लाई पहले अस्पतालों और स्कूल-कॉलेज जैसे जरूरी जगहों को दी जाएगी।
कई राज्यों में कमर्शियल LPG की सप्लाई ठप
मंत्रालय का आदेश है कि अस्पतालों और स्कूल-कॉलेज के अलावा बाकी गैर-घरेलू क्षेत्रों यानी कि रेस्टोरेंट, होटल, इंडस्ट्री आदि के लिए ED के 3 अधिकारियों की कमेटी बनाई गई है, जो आए आवेदनों की समीक्षा करेगी। सरकार के इस फैसले का असर अब साफ दिखने लगा है। दिल्ली, महाराष्ट्र और कर्नाटक समेत देश के कई राज्यों में कमर्शियल LPG की सप्लाई ठप हो गई है, जिससे छोटे-बड़े होटल-रेस्टोरेंट पर आफत आ पड़ी है। बताया जा रहा है कि कई जगह सप्लाई रुकने की वजह से होटल और रेस्टोरेंट बंद हो चुके हैं और हजारों बंद होने की कगार पर खड़े हैं।
दिल्ली में गैस सप्लाई बंद होने से लोग परेशान
दिल्ली की छोटी गैस एजेंसियों में कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई पूरी तरह बंद हो गई है। एक गैस एजेंसी मालिक ने बताया, ‘आगे से कमर्शियल गैस नहीं आ रहे हैं इसलिए हम भी सप्लाई नहीं दे पा रहे हैं। पैनिक की स्थिति पैदा हो रही है। कुछ कस्टमर परेशान होकर गैस एजेंसी में आए हुए हैं।’ वहीं, कस्टमरों की हालत और भी खराब है। एक कस्टमर ने बताया, ’25 दिन पूरे नहीं हुए हैं और मेरा घर का सिलेंडर 15 दिन में ही खत्म हो गया। अब दूसरा सिलेंडर नहीं मिल रहा है। लोग बहुत परेशान हैं।’ एजेंसियों के बाहर नोटिस भी चस्पा कर दिए गए हैं। होटल, ढाबा और अन्य कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई अब बंद हो गई है और घरेलू सिलेंडर भी सिर्फ 25 दिन पूरे होने के बाद ही मिलेगा।
मुंबई में 20 फीसदी होटल गैस की कमी से बंद
होटलों के संगठन ‘आहार’ ने कहा है कि महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई में अब तक 20 फीसदी होटल गैस सप्लाई की वजह से बंद हो चुके हैं। आहार ने कहा, ‘अगर ऐसे ही चलता रहा तो आने वाले 2-3 दिनों में मुंबई के 50 फीसदी तक होटल बंद हो सकते हैं। किस होटल के पास कितनी गैस बची है, उसी पर निर्भर करेगा कि वह कब तक खुला रख पाएगा।’ आहार ने केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखकर अपनी चिंता जताई है। बता दें संगठन लगभग 8000 छोटे रेस्टोरेंट, परमिट रूम और होटलों का प्रतिनिधित्व करता है और महाराष्ट्र में 65 संगठनों से जुड़ा है।
कर्नाटक में भी परेशान हैं रेस्टोरेंट के मालिक
कर्नाटक में कुल लगभग एक लाख रेस्टोरेंट और होटल हैं, और एक मध्यम रेस्टोरेंट को रोज कम से कम 6 कमर्शियल LPG सिलेंडर चाहिए होता है। ज्यादातर जगहों पर एक दिन का एक्स्ट्रा स्टॉक रहता है। सोमवार से तेल कंपनियों ने अचानक कमर्शियल सिलेंडर की सप्लाई रोक दी जिसके बाद रेस्टोरेंट मालिक बहुत परेशान हैं। रेस्टोरेंट्स के पास मंगलवार तक स्टॉक है, लेकिन अगर आज भी सप्लाई नहीं हुई तो दिक्कत शुरू हो जाएगी। बेंगलुरु में लकड़ी या कोयला इस्तेमाल करना मना है, इसलिए शहर के करीब 40 हजार रेस्टोरेंट बंद होने का खतरा है। डिस्ट्रीब्यूटरों के पास 4 दिन का स्टॉक बचा है और एक सिलेंडर की कीमत 1950 रुपये है, लेकिन ब्लैक में 3000 रुपये तक बिक रहा है।
जयपुर में भी ठप पड़ी है LPG की सप्लाई
राजस्थान की राजधानी जयपुर में भी LPG की सप्लाई में देरी हो रही है, जिससे होटल और रेस्टोरेंट मालिक बहुत चिंतित हैं। रेस्टोरेंट मालिकों का कहना है कि सप्लाई के ठप पड़ने से अब दिक्कत शुरू हो गई है। वहीं, सप्लाई करने वाले डिस्ट्रिब्यूटर्स का कहना है कि आगे से गोदाम में ही नहीं आ रहा, इसलिए वे मांग को पूरा करने में असमर्थ हैं। फेडरेशन ऑफ होटल एसोसिएशन राजस्थान के गजेंद्र लूनीवाल ने इस मुद्दे पर कहा, ‘आज से टेंशन शुरू हो गई है। सरकार को वैकल्पिक व्यवस्था करनी चाहिए। अगर सिलेंडर नहीं आए तो होटल-रेस्टोरेंट ठप हो जाएंगे, खर्चा कैसे निकलेगा?’
हरियाणा में कालाबाजारी रोकने की तैयारी
हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति मंत्री राजेश नागर ने कहा है कि केंद्र सरकार की गाइडलाइंस के अनुसार कुछ दिनों के लिए कमर्शियल LPG सिलेंडर की आपूर्ति पर रोक लगाई गई है। साथ ही घरेलू सिलेंडर बुकिंग के लिए 21 से 25 दिनों के बीच का अंतर रखने की एडवाइजरी जारी की गई है, ताकि जमाखोरी और कालाबाजारी रोकी जा सके। मंत्री ने बताया कि आज शाम खाद्य आपूर्ति विभाग के एडिशनल चीफ सेक्रेटरी ने सभी तेल कंपनियों के साथ बैठक बुलाई है। इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन को लिखे पत्र में हरियाणा में गैस की कालाबाजारी न हो, इस पर सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री और विभाग के अधिकारी नजर बनाए हुए हैं। सभी डिप्टी कमिश्नरों और डीएफसी को रोजाना गैस सिलेंडरों की रिपोर्टिंग करने के निर्देश जारी किए गए हैं।






































