
ईडी की कार्रवाई में बरामद गहने
दिल्ली के पॉश इलाकों में प्रवर्तन निदेशालय यानी ईडी का शिकंजा कसता जा रहा है। दिल्ली के सर्वप्रिय विहार में छापेमारी के बाद ईडी की कार्रवाई और तेज हो गई है। यहां से पहले ही ₹5.12 करोड़ नकद, ₹8.8 करोड़ के सोने-हीरे के गहने और करीब ₹35 करोड़ की संपत्तियों से जुड़े दस्तावेज बरामद किए जा चुके हैं।
इसके अलावा प्रवर्तन निदेशालय ने वेस्टएंड ग्रीन फार्म्स में सुनील गुप्ता के घर और फार्महाउस पर भी छापेमारी की है। यह सर्च 30 दिसंबर को शुरू हुई थी और अब भी जारी है। ईडी की शुरुआती जांच में सामने आया है कि सुनील गुप्ता ने पहले अमन कुमार को कर्ज दिया था। अमन कुमार, इंदरजीत सिंह का करीबी और सहयोगी बताया जा रहा है।
जांच के दौरान यह भी खुलासा हुआ है कि अमन कुमार ने ईडी की कार्रवाई के बाद अपराध की कमाई को ठिकाने लगाने की कोशिश में बड़ी रकम सुनील गुप्ता को ट्रांसफर की। वेस्टएंड ग्रीन फार्म्स में हुई छापेमारी में अब तक ईडी ने ₹1.22 करोड़ नकद करीब ₹8.50 करोड़ के गहने बरामद किए हैं।

ईडी की कार्रवाई में बरामद कैश
प्रवर्तन निदेशालय ने दिल्ली के सर्वप्रिय विहार इलाके में 30 दिसंबर को एक बड़े सर्च ऑपरेशन को अंजाम दिया। यह कार्रवाई इंद्रजीत सिंह यादव, उसके सहयोगियों, अपोलो ग्रीन एनर्जी लिमिटेड और अन्य संबंधित संस्थाओं और व्यक्तियों के खिलाफ मनी लॉन्ड्रिंग (PMLA) मामले में की गई है। यह तलाशी अभियान दिल्ली के सर्वप्रिय विहार इलाके में अमन कुमार के परिसर में चलाया गया, जो इंदरजीत सिंह यादव का सहयोगी है।
ये भी पढ़ें-
“इंसान की तुलना भगवान राम से कैसे कर सकते हैं?”, तेज प्रताप यादव का कांग्रेस पर बड़ा हमला





































