
दिल्ली से लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। रेलवे इस साल दिवाली से पहले राष्ट्रीय राजधानी से अहमदाबाद, भोपाल और पटना के लिए पहली स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस चलाने की तैयारी कर रहा है। हाई-स्पीड और आरामदायक सफर का वादा करने वाली ये ट्रेनें न सिर्फ यात्रा का समय घटाएंगी, बल्कि रातभर के सफर को भी पहले से कहीं ज्यादा सुविधाजनक बना देंगी। यह पहला मौका है जब वंदे भारत ट्रेन को स्लीपर कोच के साथ चलाया जाएगा, जिससे यात्री रात भर के सफर का आराम से मज़ा ले सकेंगे।
दिल्ली-पटना का सफर अब सिर्फ 11.5 घंटों में
लाइवहिन्दुस्तान की इस खबर के मुताबिक, रेलवे के सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि दिल्ली से पटना जाने वाली स्लीपर वंदे भारत प्रयागराज और वाराणसी होते हुए जाएगी और सिर्फ 11 घंटे 30 मिनट में यात्रियों को उनके गंतव्य तक पहुंचा देगी। यह मौजूदा ट्रेनों के मुकाबले काफी कम समय है, जिनमें आमतौर पर 12 से 17 घंटे लगते हैं।
180 किमी/घंटा की रफ्तार
इस नई स्लीपर वंदे भारत की अधिकतम रफ्तार 180 किमी प्रति घंटा होगी। इस तेज रफ्तार से, यह ट्रेन दिल्ली-अहमदाबाद, दिल्ली-भोपाल और दिल्ली-पटना जैसे रूटों पर लगने वाले समय को लगभग आधा कर देगी। यह ट्रेन उन यात्रियों के लिए एक बड़ा बदलाव साबित होगी जो इन रूटों पर एक रात से ज्यादा का सफर करते हैं। रेलवे ने लंबी दूरी के रूट्स पर यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए इन प्रमुख शहरों से स्लीपर वंदे भारत शुरू करने का फैसला किया है। उम्मीद है कि यह नई सुविधा यात्रियों को आरामदायक और तेज यात्रा का बेहतरीन अनुभव देगी।
1000 किलोमीटर या उससे भी दूर का सफर हो सकेगा पूरा
मौजूदा वंदे भारत ट्रेनें जो चल रही हैं, वे चेयर कार वाली हैं। बैठे-बैठे सफर के चलते इन्हें दिन के वक्त में ही चलाया जा रहा है। लेकिन अब रात भर के सफर के लिए स्लीपर वंदे भारत चलाई जाएंगी। इससे लोगों का समय बचेगा और वे रात भर में ही सुविधाजनक सफर करते हुए दिल्ली से 1000 किलोमीटर या उससे भी दूर का सफर तय कर सकेंगे। दिल्ली से अहमदाबाद का रूट भी काफी बिजी रहता है और इस रूट पर प्रीमियम ट्रेनों की डिमांड भी है।






































