
चीन ने दुनिया की सबसे तेज बुलेट ट्रेन, CR450 के प्री-सर्विस ट्रायल सीरीज शुरू कर दी है। इस बुलेट ट्रेन ने सोमवार को हाई-स्पीड लाइन पर प्री-सर्विस ट्रायल के दौरान 453 किमी प्रति घंटे की अधिकतम स्पीड प्राप्त कर ली। बताते चलें कि CR450 सीरीज की ट्रेनें, जिसे 450 किमी/घंटा के अधिकतम ट्रायल स्पीड और 400 किमी/घंटा की कमर्शियल सर्विस स्पीड के लिए डिजाइन किया गया है। चीन अपनी CR450 ट्रेन से पूर्वी शहर शंघाई और पश्चिमी अंतर्देशीय शहर चेंगदू को जोड़ने वाली हाई-स्पीड रेल पर ट्रायल करा रहा है।
4 मिनट 40 सेकंड में पकड़ लेगी 350 किमी/घंटे की स्पीड
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, चीन की ये हाई-स्पीड ट्रेन महज 4 मिनट 40 सेकंड में 350 किमी/घंटा की रफ्तार पकड़ सकती है, जो इसके पुराने मॉडल CR400 की तुलना में 100 सेकंड कम है। CR450 सीरीज की दो ट्रेनों ने ट्रायल के दौरान 896 किमी/घंटा की कंबाइन्ड स्पीड से एक-दूसरे को क्रॉस करते हुए भी एक नया रिकॉर्ड बनाया है। अपने पुराने मॉडल CR400 की तुलना में, CR450 ट्रेन दिखने में ज्यादा आकर्षक और ज्यादा ताकतवर प्रोपल्शन सिस्टम से लैस है। इसकी ऐरोडायनैमिक नोज को 12.5 मीटर से बढ़ाकर 15 मीटर कर दिया गया है। इसकी ऊंचाई 20 सेंटीमीटर घटाई गई है और वजन भी 50 टन कम किया गया है, जिससे एयर रसिस्टेंस में 22 प्रतिशत की कमी आती है।
कमर्शियल सर्विस शुरू करने से पहले 6,00,000 किलोमीटर की दूरी तय करेगा CR450
400 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार पर दौड़ते हुए ट्रेन का इंटीरियर नॉइस लेवल महज 68 डेसिबल रहा, जो 70 किलोमीटर प्रति घंटे की गति पर चलने वाली एक सामान्य कार के बराबर है। वर्तमान में सेवा में मौजूद CR400 फक्सिंग हाई-स्पीड ट्रेनें 350 किमी/घंटा की गति से चलती हैं। CR450 ट्रेनों को यात्रियों के साथ कमर्शियल सर्विस शुरू करने के लिए स्वीकृति पाने के लिए 6,00,000 किलोमीटर की दूरी तय करेगी। चाइना स्टेट रेलवे ग्रुप इस CR450 प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहा है। इसे चीन के स्वामित्व वाली ट्रेन मैन्यूफैक्चरिंग कंपनी सीआरआरसी की दो सब्सिडरी कंपनियों द्वारा संयुक्त रूप से डेवलप किया गया है।






































