
भगवान राम से हुई राहुल गांधी की तुलना। (फाइल फोटो)
महाराष्ट्र कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नाना पटोले ने राहुल गांधी की तुलना भगवान राम से कर दी है। उन्होंने कहा है कि राहुल गांधी भगवान श्री राम के पद चिन्हों पर काम कर रहे हैं। आज देश की जनता जिस तरह से तकलीफ में है, शोषित, पीड़ित लोगों को न्याय देने की भूमिका भगवान श्री राम जी ने उसे समय में की थी, वही काम तो राहुल जी कर रहे हैं। आइए जानते हैं कि नाना पटोले ने अपने इस दावे के समर्थन में और क्या कुछ कहा है।
क्या बोले नाना पटोले?
महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष नाना पटोले ने इंडिया टीवी के साथ बातचीत करते हुए कहा है कि राहुल गांधी भगवान श्री राम के पद चिन्हों पर काम कर रहे हैं। नाना पटोले ने कहा- “जिस तरह से भाजपा कहती है की 2 साल से अयोध्या का मंदिर बना है, राहुल जी दर्शन को नहीं आए, तो आज देश की जनता जिस तरह से तकलीफ में है, शोषित, पीड़ित लोगों को न्याय देने की भूमिका भगवान श्री राम जी ने उसे समय में की थी, तो वही काम तो राहुल जी कर रहे हैं। उन्हीं की विचारधारा का काम राहुल गांधी कर रहे हैं। मैं समकक्ष रखना नहीं चाहता,भगवान भगवान हैं, हम इंसान हैं।”
नाना पटोले ने कहा- “राहुल गांधी यदि शोषित पीड़ित को लेकर काम कर रहे हैं, किसानों के लिए काम कर रहे हैं, देश के लिए कर रहे हैं, संविधान के लिए कर रहे हैं, राम राज्य की बात कर रहे हैं, तो इसमें कोई गलत नहीं है। राहुल गांधी जब अयोध्या जाएंगे तो रामलला का दर्शन करेंगे। राजीव गांधी जब देश के प्रधानमंत्री थे, तो उन्होंने रामलला का ताला खोलकर भूमि पूजन किया था। हमारी जो श्रद्धा है, जो आस्था है, हम वहां पर मत्था टेकते ही है।”
नाना पटोले ने कहा- “भगवान राम की विचारधारा का काम करना बीजेपी शिवसेना को गलत लगता है। हनुमान जी ने भी भगवान राम का काम किया था, तो क्या उनको भी ट्रोल किया जाएगा। यदि भगवान राम के विचारधारा पर काम करना उनको गलत लगता है, तो यह कौन से राम भक्त निकले। राम-राम जपना पराया माल अपना, यदि यह बीजेपी-शिवसेना करेगी, भगवान राम के मंदिर से कितने पैसे जमा किए हैं, इसका हिसाब तो रख दें एक बार।”
मुंबई के मेयर विवाद पर बोले पटोले
मुंबई के मेयर पद पर हिंदी भाषी और मराठी भाषी के विषय को लेकर राजनीतिक पार्टियों में वाद विवाद शुरू हो गया है। इस पर अपनी राय देते हुए कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष नाना पटोले ने कहा- “महायुति की सरकार ने भ्रष्टाचार के माध्यम से बर्बादी की है। महानगरपालिका हो, थाने हो, नई मुंबई हो, नागपुर हो, इन तमाम नगरपालिकाओं जो कि प्रॉफिट वाली थीं, जिनके पास खुद का पैसा था, 5 साल में महायुती की सरकार ने, फडणवीस की सरकार ने, शिंदे की सरकार ने पूरा पैसा लूट लिया है। हिंदी मेयर बने या मराठी बने, यह विषय नहीं है। महाराष्ट्र का वोटर है, जिसके तकदीर में होगा वह बनेगा। इस पर चर्चा करने से ज्यादा बेरोजगारी पर, महंगाई पर चर्चा होनी चाहिए।
हिंदू मेयर पर भी दिया बयान
नितेश राणे के बयान पर कि मेयर हिंदू बनेगा, इस पर अपनी टिप्पणी करते हुए नाना पटोले ने कहा- “हिंदू बने कि कौन बने यह विषय नहीं है, यही राणे जी जब कांग्रेस में थे, मुसलमानों के यहां जाकर बिरयानी खाते थे। बहुत सारे फोटो भी उनके बीच में आये हैं। जब बीजेपी में गए तो हिंदू की बात कर रहे हैं, इस बारे में मुझे प्रतिक्रिया देना नहीं है। उनके पिताजी के साथ हमने काम किया है, यह तो बच्चे हैं। कौन बच्चा क्या बोलता है इसके बारे में क्या जवाब देना चाहिए। नितेश राणे हमारे सामने बच्चे ही हैं।
ये भी पढ़ें- अरे ये क्या! शिवसेना कैंडिडेट ने अपने ही नेता का एबी फॉर्म फाड़कर निगल लिया
31st को ड्यूटी पूरी कर घर जा रहा था मुंबई का ट्रैफिक पुलिसकर्मी, लोकल ट्रेन से गिरकर दर्दनाक मौत






































