
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नेपाल की अंतरिम पीएम सुशीला कार्की।
नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल की अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री सुशीला कार्की से फोन पर बातचीत की और हाल ही में हुई दुखद घटनाओं पर अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने नेपाल में शांति और स्थिरता बहाल करने के लिए भारत के अटूट समर्थन का भरोसा दिलाया। साथ ही, उन्होंने नेपाल के राष्ट्रीय दिवस के मौके पर सुशीला कार्की और नेपाल के लोगों को अपनी शुभकामनाएं दीं। बता दें कि प्रधानमंत्री ने सुशीला कार्की को नेपाल की अंतरिम सरकार का प्रमुख चुने जाने पर पहले X पर पोस्ट करके बधाई दी थी।
प्रधानमंत्री ने फोन पर क्या बात की?
प्रधानमंत्री मोदी ने X पर पोस्ट करके कहा, ‘नेपाल की अंतरिम सरकार की प्रधानमंत्री श्रीमती सुशीला कार्की के साथ एक आत्मीय बातचीत हुई। हाल ही में हुई दुखद जनहानि पर अपनी हार्दिक संवेदनाएं व्यक्त कीं और उनके शांति व स्थिरता बहाल करने के प्रयासों के लिए भारत के अटूट समर्थन को दोहराया। साथ ही, मैंने उन्हें और नेपाल के लोगों को उनके कल के राष्ट्रीय दिवस के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।’ इससे पहले, पीएम मोदी ने सुशीला कार्की को नेपाल की अंतरिम प्रधानमंत्री के रूप में कार्यभार संभालने पर बधाई दी थी।
‘महिला सशक्तीकरण का एक उदाहरण’
पिछले शनिवार को मणिपुर की राजधानी इंफाल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने सुशीला कार्की की नियुक्ति को ‘महिला सशक्तीकरण का एक शानदार उदाहरण’ बताया था। उन्होंने कहा था कि भारत और नेपाल साझा इतिहास, आस्था और सांस्कृतिक रिश्तों से जुड़े हुए गहरे दोस्त हैं। मोदी ने जोर देकर कहा था, ‘मैं 140 करोड़ भारतीयों की ओर से कार्की को बधाई देता हूं। मुझे विश्वास है कि वह नेपाल में शांति, स्थिरता और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त करेंगी।’ नेपाल की पूर्व मुख्य न्यायाधीश सुशीला कार्की पिछले हफ्ते देश की पहली महिला अंतरिम प्रधानमंत्री बनीं।
कार्की की नियुक्ति से खत्म हुई थी उथल-पुथल
कार्की की नियुक्ति ने कई दिनों से चली आ रही सियासी उथल-पुथल को खत्म कर दिया था। दरअसल, सोशल मीडिया पर पाबंदी के खिलाफ देशव्यापी आंदोलन के बाद पूर्व प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली को इस्तीफा देना पड़ा था। कार्की को राष्ट्रपति रामचंद्र पौडेल, शीर्ष सैन्य अधिकारियों और युवा प्रदर्शनकारियों की एक बैठक के बाद अंतरिम सरकार का नेतृत्व सौंपा गया था।






































