
उत्तर प्रदेश में पर्यटन और कनेक्टिविटी को नई रफ्तार मिलने जा रही है। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से अब आगरा का ताजमहल हो या मथुरा-वृंदावन के प्रसिद्ध मंदिर सब कुछ बस की एक सवारी दूर होगा। यमुना इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (यापल) और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) के बीच हुए नए समझौते के बाद नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सीधे 10 जिलों के लिए नॉन-स्टॉप बस सेवाएं शुरू होंगी। यह सुविधा न सिर्फ यात्रियों को आसान ट्रैवल ऑप्शन देगा, बल्कि पूरे यूपी के टूरिज्म सेक्टर को बड़ा बूस्ट देने वाली है।
यात्रियों में बढ़ी उत्सुकता
एयरपोर्ट के संचालन से पहले ही इस कदम ने यात्रियों में उत्साह भर दिया है। खासकर उन लोगों में जो दिल्ली-NCR से धार्मिक और ऐतिहासिक जगहों की यात्रा करते हैं। अब उन्हें मथुरा-वृंदावन, आगरा, अलीगढ़, हाथरस या गाजियाबाद पहुंचने के लिए अलग-अलग साधनों की जद्दोजहद नहीं करनी पड़ेगी। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट से सीधी बसें उन्हें सीधे गंतव्य तक पहुंचा देंगी।
10 जिलों तक सीधी पहुंच
यापल और यूपीएसआरटीसी की इस साझेदारी के तहत एयरपोर्ट से नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाजियाबाद जैसे NCR शहरों के साथ-साथ आगरा, अलीगढ़, मथुरा-वृंदावन और हाथरस के लिए सीधी बसें चलेंगी। पर्यटन और धार्मिक महत्व वाले इन शहरों तक पहुंचना अब बेहद सरल और सस्ता हो जाएगा। वहीं, हापुड़, बुलंदशहर, फर्रुखाबाद, फिरोजाबाद, मुरादाबाद और शिकोहाबाद भी बस रूट से एयरपोर्ट से जुड़ जाएंगे, जिससे यात्रियों को उत्तर प्रदेश के विभिन्न हिस्सों तक तेज और आरामदायक कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
यापल-UPSRTC साझेदारी
यापल के सीईओ क्रिस्टोफ श्नैलमेन ने कहा कि यह साझेदारी राज्य और NCR के लोगों को बेहतर परिवहन सुविधा देने की दिशा में बड़ा कदम है। उनके मुताबिक, इन रूट्स पर मिलने वाली नॉन-स्टॉप बसें यात्रियों के समय और खर्च दोनों की बचत करेंगी।
पर्यटकों को बड़ा लाभ
यह व्यवस्था न केवल घरेलू यात्रियों को राहत देगी, बल्कि विदेशी पर्यटकों के लिए भी उत्तर प्रदेश के प्रमुख आकर्षणों जैसे ताजमहल, फतेहपुर सीकरी, मथुरा, वृंदावन और धार्मिक गलियारों तक पहुंच आसान करेगी। इससे राज्य के होटल, टैक्सी, और स्थानीय पर्यटन व्यवसाय को भी बड़ा फायदा होने की उम्मीद है।




































