
भारत और इजराइल एक द्विपक्षीय निवेश संधि (BIT) पर हस्ताक्षर कर सकते हैं। सूत्रों के अनुसार इजराइल के वित्त मंत्री बेजेलेल स्मोट्रिच की इस हफ्ते होने वाली भारत यात्रा के दौरान ये समझौता हो सकता है। इस यात्रा के दौरान दोनों देशों के बीच व्यापार को बढ़ावा देने के लिए एक मुक्त व्यापार समझौते (FTA) की नींव रखी जाएगी। स्मोट्रिच इस हफ्ते 8-10 सितंबर के बीच तीन दिनों की भारत यात्रा पर आएंगे। इस दौरान वे भारत की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल और आवास एवं शहरी मामलों के मंत्री मनोहर लाल खट्टर से मुलाकात करेंगे।
दोनों देश के बीच द्विपक्षीय निवेश संधि के मसौदे पर बातचीत पूरी
इसके अलावा, इजराइली वित्त मंत्री मुंबई और गांधीनगर स्थित गिफ्ट सिटी का भी दौरा करेंगे। सूत्रों ने पीटीआई को बताया, ”इजराइल के वित्त मंत्री बेजेलेल स्मोट्रिच की इस यात्रा का उद्देश्य द्विपक्षीय बैठकों के माध्यम से भारत के साथ इजराइल के आर्थिक और वित्तीय संबंधों को मजबूत करना और द्विपक्षीय निवेश संधि और मुक्त व्यापार समझौते सहित कुछ प्रमुख समझौतों के लिए साझा आधार तैयार करना है।” उन्होंने कहा, ”दोनों देश द्विपक्षीय निवेश संधि के मसौदे पर बातचीत पूरी कर चुके हैं। उम्मीद है कि वित्त मंत्री बेजेलेल स्मोट्रिच भारत की इस यात्रा के दौरान द्विपक्षीय निवेश संधि पर हस्ताक्षर करेंगे।”
साल 2000 के बाद 15 से ज्यादा देशों के साथ द्विपक्षीय निवेश संधि पर हस्ताक्षर कर चुका है इजराइल
भारत और इजराइल के बीच द्विपक्षीय निवेश संधि होने से दोनों देशों के निवेशकों को उचित सुरक्षा का भरोसा मिलेगा। ये मध्यस्थता के जरिये विवाद निपटान के लिए एक स्वतंत्र मंच देगा। इजराइल ने साल 2000 से लेकर अभी तक 15 से भी ज्यादा देशों के साथ द्विपक्षीय निवेश संधि पर हस्ताक्षर किए हैं, जिनमें संयुक्त अरब अमीरात, जापान, फिलीपींस, थाईलैंड और दक्षिण अफ्रीका शामिल हैं। बताते चलें कि भारत और इजराइल रणनीतिक साझेदार हैं और दोनों देशों के बीच हर साल लगभग 4 बिलियन डॉलर का द्विपक्षीय व्यापार होता है।






































