टीम इंडिया के बेहतरीन गेंदबाज कुलदीप यादव 14 मार्च को शादी के बंधन में बंधने वाले हैं। उनकी शादी मसूरी के ऐतिहासिक और देश के पहले सेवॉय होटल में होगी। जिसके बाद सेवॉय होटल एक बार फिर चर्चा में आ गया है। दरअसल, कुलदीप अपनी बचपन की दोस्त और गर्लफ्रेंड वंशिका के साथ ब्रिटिश दौर में बने इस प्रतिष्ठित होटल में फेरे लेंगे। होटल का स्टाफ इस हाई प्रोफाइल शादी को लेकर काफी एक्साइटेड है। करीब एक सदी से ज्यादा पुराने इस होटल का इतिहास बेहद दिलचस्प रहा है। कभी ऐसा समय भी था जब यहां भारतीयों की एंट्री पर बैन था।
बता दें कि, सेवॉय होटल मसूरी की पहचान माना जाने वाला 1902 में शुरू हुआ था। ब्रिटिश काल में ये होटल अंग्रेज अधिकारियों और यूरोपीय मेहमानों के लिए बनाया गया था। अंग्रेजों ने गर्मियों में मसूरी की खूबसूरत वादियों का लुत्फ उठाने के लिए इस होटल का निर्माण कराया था। उस समय भारतीयों को यहां ठहरने की अनुमति नहींथी लेकिन धीरे-धीरे ये होटल सभी के लिए खुला और समय के साथ देश-विदेश के कई प्रतिष्ठित लोगों की मेजबानी करता रहा।
सेवॉय होटल अपनी भव्य वास्तुकला, पुराने ब्रिटिश दौर की झक और ऐतिहासिक महत्व के कारण आज भी खास माना जाता है। इस होटलमें कई बड़े राजनीतिक और सामाजिक हस्तियां ठहर चुकी हैं।
वहीं अब इस होटल कुलदीप यादव की शादी के कार्यक्रम आयोजित होने जा रहा है। जिसे लेकर मसूरी में खासा उत्साह है। क्रिकेट प्रेमियों और स्थानीय लोगों के बीच इस शादी को लेकर चर्चा का माहौल है। पहाड़ों की खूबसूरत वादियों के बीच होने वाला ये समारोह सेवॉय होटल के इतिहास में एक और यादगार अध्याय जोड़ने जा रहा है।



































