
शेयर बाजार में कभी-कभी एक छोटी सी खबर भी बड़ा असर डाल देती है। गुरुवार को भी कुछ ऐसा ही देखने को मिला। मिडिल ईस्ट से आई एक खबर के बाद भारतीय शेयर बाजार में अचानक तेज़ी आ गई और महज 20 मिनट के भीतर सेंसेक्स करीब 900 अंक उछल गया। इस अचानक आई रैली ने निवेशकों को हैरान कर दिया और बाजार में उत्साह का माहौल बन गया।
खबर आते ही बाजार में आई तेजी
दरअसल, एक मीडिया रिपोर्ट में दावा किया गया कि ईरान अमेरिका के साथ संभावित समझौते के तहत अपने न्यूक्लियर प्रोग्राम को छोड़ने पर विचार कर सकता है, अगर अमेरिका कोई बेहतर प्रस्ताव देता है। यह बयान ईरान के डिप्टी विदेश मंत्री माजिद तख्त-रवांची से जुड़ा बताया गया। जैसे ही यह खबर सामने आई, वैश्विक बाजारों के साथ भारतीय शेयर बाजार में भी पॉजिटिव असर देखने को मिला। कुछ ही मिनटों में निवेशकों ने जमकर खरीदारी शुरू कर दी।
20 मिनट में 900 अंक की छलांग
इस खबर के असर से सेंसेक्स में तेज उछाल देखने को मिला। दोपहर करीब 2:35 बजे सेंसेक्स 79,369 के स्तर पर ट्रेड कर रहा था। लेकिन महज 20 मिनट बाद यानी 2:55 बजे तक यह करीब 900 अंक चढ़कर 80,259 के स्तर पर पहुंच गया। सिर्फ भारतीय बाजार ही नहीं, बल्कि वॉल स्ट्रीट फ्यूचर्स में भी सुधार देखने को मिला और वे पहले के नुकसान की भरपाई करते हुए फ्लैट ट्रेड करने लगे।
बाद में थोड़ी ठंडी पड़ी तेजी
हालांकि, बाद में इस खबर को लेकर कुछ स्पष्टीकरण सामने आया। ईरान की सरकारी समाचार एजेंसी ने बताया कि डिप्टी विदेश मंत्री का बयान मौजूदा हालात से नहीं, बल्कि अमेरिका के साथ पहले हुई बातचीत से जुड़ा था। इस स्पष्टीकरण के बाद बाजार की तेजी थोड़ी कम हो गई और सेंसेक्स दिन के हाई लेवल से करीब 300 अंक नीचे आ गया।
दिन के अंत में बाजार मजबूत बंद
तेजी थोड़ी कम होने के बावजूद शेयर बाजार मजबूती के साथ बंद हुआ। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 899.71 अंक यानी 1.14 फीसदी की बढ़त के साथ 80,015.90 के स्तर पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 285.40 अंक यानी 1.17 फीसदी चढ़कर 24,765.90 पर बंद हुआ। बाजार में बड़ी खरीदारी देखने को मिली। कुल मिलाकर करीब 2,644 शेयरों में तेजी आई, जबकि 1,430 शेयरों में गिरावट दर्ज की गई और 128 शेयर बिना किसी बदलाव के बंद हुए।





































