
आप की अदालत में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव।
Aap Ki Adalat: इंडिया टीवी के चर्चित शो ‘आप की अदालत’ में मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कई विषयों पर खुलकर बात की। वहीं आप की अदालत में India Tv के एडिटर इन चीफ रजत शर्मा के सवालों का भी उन्होंने डटकर सामना किया। इस दौरान मोहन यादव से एक दर्शक ने बहुत ही रोचक सवाल पूछ लिया। हालांकि मोहन यादव ने उसका भी सटीक जवाब दिया।
क्या था सवाल
दरअसल, आप की अदालत में मौजूद एक दर्शक ने एमपी के सीएम मोहन यादव से एक सवाल किया। दर्शक ने कहा, ‘आप लोकसभा चुनाव के दौरान आजमगढ़ आए थे, उस समय मेरे दोस्तों ने कहा कि आप नकली यादव हैं, अखिलेश यादव असली यादव हैं तो इसपर आप क्या कहेंगे जो बात मेरे दोस्तों तक भी पहुंचे?’
सीएम ने दिया जवाब
इस सवाल पर सीएम मोहन यादव ने जवाब देते हुए कहा, ‘असली-नकली किसी के बोलने से होता है क्या? आप सब अपने-अपने परिवार के अमर पुत्र-पुत्री हो। क्योंकि आपके पिताजी का वंश आपके माध्यम से आगे जा रहा है। हमें इस बात का गर्व है कि हम सब अपनी-अपनी धारा से असली हैं, कोई भी नकली नहीं है।’
क्यों चौंक गए थे मोहन यादव?
मोहन यादव से पूछा गया कि जब उनका नाम मुख्यमंत्री के रूप में घोषित किया गया तो वह खुद क्यों चौंक गए थे? इस पर मोहन यादव ने हंसते हुए जवाब दिया: ‘हम तो बल्ब हैं, बटन दबाया तो चालू, हमारी टिकट किसी को लौटाना तो लौटा दी, हमें सीएम बनाया, तो हम भी बन गए, हमें क्या दिक्कत है।’
इस पर रजत शर्मा ने पूछा कि किसने दबाया बटन? इस पर मोहन यादव बोले, “पार्टी ने बनाया, पार्टी तय करती है, पार्टी के हम अनुशासित कार्यकर्ता हैं। हम हमारे बारे में निर्णय नहीं करते। हमारी पार्टी प्रत्येक कार्यकर्ता की योग्यता, क्षमता, काम करने के तरीके, विचारधारा की प्रतिबद्धता, उसके जीवन के आचरण, उन सबको बहुत तरीके से देखती है, और मुझे गर्व है कि पार्टी मुझे इस पद पर लाई।”






































