
हंडी में फंस गया सांड का सिर।
भद्रक: ओडिशा के भद्रक के बासुदेवपुर इलाके में एक अजीब लेकिन हैरान करने वाला नजारा सामने आया। यहां एक सांड का सिर हंडी में फंस गया। दरअसल, सांड ने खाने की तलाश में एक हंडी में सिर डाल दिया। सांड का सिर हंडी में पड़ तो गया लेकिन फिर वह उसी में फंस गया। हंडी में सिर फंसने के बाद सांड उसे बाहर निकालने की कोशिशें करता रहा लेकिन उसका सिर हंडी से बाहर ही नहीं निकल पाया। यह घटना अटल बिहारी कॉलेज चौक के पास की है, जहां इस सांड को देखकर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
हंडी में फंस गया सांड का सिर
बताया जा रहा है कि सड़क किनारे एक होटल के सामने एक हंडी पड़ी थी। सांड को शायद लगा कि हंडी में कुछ खाने लायक चीज है। बस फिर क्या था, वह अपना मुंह हंडी में डाल बैठा। लेकिन हंडी के अंदर सींग फंस जाने के कारण उसका सिर हंडी में ही अटक गया। लाख कोशिशों के बाद भी सांड अपना सिर बाहर नहीं निकाल पाया। स्थानीय लोगों ने पहले तो खुद ही सांड की मदद करने की कोशिश की, लेकिन वह असफल रहे। आखिर में फायर ब्रिगेड यानी अग्निशमन विभाग को कॉल करके बुलाया गया।
कटर से काटनी पड़ी हंडी
सूचना मिलने के बाद फायर ब्रिगेड के कर्मी भी मौके पर पहुंचे। यहां कर्मियों ने कड़ी मशक्कत और कटर मशीन की मदद से हंडी को काटा और सांड को सकुशल बाहर निकाला। फिलहाल इस पूरी घटना में सांड को किसी तरह की गंभीर चोट नहीं आई। हंडी से निकलते ही उसने राहत की सांस ली और आराम से वहां से चला गया। लोगों ने भी चैन की सांस ली। इस घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि सांड का मुंह एक हंडी में फंस गया है। वहीं फायर विभाग के कर्मियों द्वारा सांड का मुंह हंडी से बाहर निकालने का प्रयास किया जा रहा है। (इनपुट- शुभम कुमार)
यह भी पढ़ें-
UP: चलती बाइक पर सरेआम गला रेतकर हत्या करने की कोशिश, CCTV में कैद हुई खौफनाक वारदात
‘I Love Mohammad’ के मंच से CM योगी को खुलेआम धमकी, मौलवी ने कहा- ‘यहीं दफना देंगे’





































