
रमजान इफ्तार में रजत शर्मा, रितु धवन और अन्य गणमान्य लोग
नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली स्थित जामा मस्जिद के नायब शाही इमाम सैयद शबन बुखारी की ओर से रमजान इफ्तार का आयोजन किया गया। इस इफ्तार पार्टी में इंडिया टीवी के चेयरमैन और एडिटर इन चीफ रजत शर्मा भी शामिल हुए। उनके साथ इंडिया टीवी की मैनेजिंग डायरेक्टर रितु धवन भी मौजूद थीं। इस रमजान इफ्तार में राजनीति और मीडिया जगत की हस्तियों के अलावा कई मुल्कों के राजदूत और हाई कमिश्नर्स भी शामिल हुए।
शबन बुखारी और शाजिया बुखारी ने मेहमानों का किया स्वागत
इस रमजान इफ्तार में शिरकत करने पहुंचे मेहमानों का जामा मस्जिद के इमाम शबन बुखारी और शाजिया बुखारी ने गर्मजोशी से स्वागत किया। गंगा-जमुनी तहजीब के बीच इस इफ्तार पार्टी की रौनक देखते बन रही थी। वहीं इस इफ्तार पार्टी के अवसर पर जामा मस्जिद की ऐतिहासिक इमारत को खूबसूरती से सजाया गया था। सभी मेहमानों को लजीज व्यंजन परोसे गए।

रमजान शांति और प्रेम का महीना: रजत शर्मा
इस मौके पर इंडिया टीवी के एडिटर इन चीफ रजत शर्मा ने कहा कि रमजान के दिनों में जामा मस्जिद में इफ्तार के लिए आना रेगुलर हो गया है, रमजान का महीना शांति और प्रेम का होता है। देश में शांति और प्रेम की भावना बनी रहे। उन्होंने कहा कि यहां आकर बहुत अच्छा लगा। बता दें कि पिछले साल भी रजत शर्मा और रितु धवन शाही इमाम की इफ्तार पार्टी में शरीक हुए थे। उस अवसर पर रजत शर्मा ने कहा था कि गंगा जमुनी तहजीब खत्म होती जा रही है। हम सभी को यह कोशिश करनी चाहिए कि हमारी यह विरासत जिंदा रहे। देश की यह संस्कृति और विविधता बनी रहनी चाहिए।




































