
अगर आप शेयर बाजार में निवेश कर अच्छा रिटर्न कमाने की योजना बना रहे हैं तो आने वाला हफ्ता आपके लिए खास हो सकता है। प्राइमरी मार्केट में एक बार फिर हलचल तेज होने जा रही है। अगले सप्ताह चार नए IPO निवेश के लिए खुलने वाले हैं। इनमें मेनबोर्ड और SME सेगमेंट की कंपनियां शामिल हैं। इसके साथ ही कुछ कंपनियों के शेयर भी इसी हफ्ते स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट होने वाले हैं। ऐसे में निवेशकों के पास कई नए विकल्प उपलब्ध होंगे।
अगले हफ्ते मेनबोर्ड सेगमेंट में दो बड़े IPO लॉन्च होंगे। इनमें राजपुताना स्टेनलेस और इनोविजन शामिल हैं। दोनों कंपनियां अपने कारोबार को विस्तार देने और नई परियोजनाओं में निवेश के लिए बाजार से कैपिटल जुटाने का प्लान बना रही हैं।
9 मार्च से खुलेगा राजपुताना स्टेनलेस का IPO
राजपुताना स्टेनलेस का IPO 9 मार्च से 11 मार्च तक निवेश के लिए खुला रहेगा। यह करीब ₹254.98 करोड़ का बुक-बिल्ट इश्यू है। इस इश्यू में लगभग 1.47 करोड़ नए शेयरों का फ्रेश इश्यू शामिल है, जबकि 0.63 करोड़ शेयर ऑफर फॉर सेल (OFS) के तहत बेचे जाएंगे। कंपनी ने इस IPO का प्राइस बैंड ₹116 से ₹122 प्रति शेयर तय किया है। इस इश्यू के जरिए कंपनी अपने बिजनेस विस्तार के लिए फंड जुटाएगी।
10 मार्च से खुलेगा इनोविजन का IPO
दूसरा बड़ा इश्यू इनोविजन का होगा, जो 10 मार्च से 12 मार्च तक खुला रहेगा। यह लगभग ₹323 करोड़ का IPO है। इसमें 0.47 करोड़ शेयरों का फ्रेश इश्यू और 0.12 करोड़ शेयरों का ऑफर फॉर सेल शामिल है। इस इश्यू का प्राइस बैंड ₹521 से ₹548 प्रति शेयर तय किया गया है।
इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर से राजमार्ग इनविट का बड़ा इश्यू
इसी हफ्ते इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर से भी एक बड़ा इश्यू बाजार में आएगा। राजमार्ग इन्फ्रा इन्वेस्टमेंट ट्रस्ट का IPO 11 मार्च से 13 मार्च तक खुलेगा। करीब ₹6,000 करोड़ के इस बड़े इश्यू में कंपनी लगभग 60 करोड़ नए यूनिट जारी करेगी। इसका प्राइस बैंड ₹99 से ₹100 प्रति यूनिट तय किया गया है।
SME सेगमेंट में एप्सिस एयरोकॉम का IPO
SME सेगमेंट में एप्सिस एयरोकॉम का IPO भी अगले हफ्ते निवेश के लिए खुलेगा। यह इश्यू 11 मार्च से 13 मार्च के बीच खुला रहेगा। कंपनी इस IPO के जरिए करीब ₹35.77 करोड़ जुटाने की योजना बना रही है। इसके लिए प्राइस बैंड ₹104 से ₹110 प्रति शेयर रखा गया है।
अगले हफ्ते इन कंपनियों की होगी लिस्टिंग
सिर्फ नए IPO ही नहीं, बल्कि कुछ कंपनियों के शेयर भी अगले हफ्ते स्टॉक एक्सचेंज पर लिस्ट होने वाले हैं। इनमें एसिटेक ई-कॉमर्स, सेडेमैक मेकाट्रॉनिक्स, एल्फिन एग्रो इंडिया और श्रीनिबास प्रधान कंस्ट्रक्शंस शामिल हैं।







































