
भारतीय शेयर बाजार ने सोमवार, 12 जनवरी को निवेशकों की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। पॉजिटिव ग्लोबल क्यूज के बावजूद घरेलू बाजार लाल निशान में खुला, जिससे निवेशकों की चिंता एक बार फिर बढ़ गई। लगातार उतार-चढ़ाव और चुनिंदा सेक्टर्स में बिकवाली के दबाव के चलते बाजार की चाल कमजोर नजर आई।
बीएसई सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 250 अंक की गिरावट के साथ 83,326 के स्तर पर खुला, जबकि एनएसई निफ्टी करीब 60 अंक फिसलकर 25,622 के आसपास पहुंच गया। बाजार की चौड़ाई भी कमजोरी की ओर इशारा कर रही थी, जहां गिरने वाले शेयरों की संख्या बढ़त वाले शेयरों से ज्यादा रही। कुल मिलाकर 1500 से ज्यादा शेयरों में गिरावट दर्ज की गई, जबकि करीब 1000 शेयर ही हरे निशान में रहे।
सेक्टोरल लेवल पर मिला-जुला रुख देखने को मिला। निफ्टी पर एचडीएफसी लाइफ, एसबीआई लाइफ इंश्योरेंस, हिंदाल्को, एशियन पेंट्स और श्रीराम फाइनेंस जैसे शेयरों में खरीदारी दिखी। वहीं, हेल्थकेयर और एविएशन सेक्टर के शेयरों पर दबाव साफ नजर आया। मैक्स हेल्थकेयर, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, अपोलो हॉस्पिटल्स, इंटरग्लोब एविएशन और बजाज फिनसर्व जैसे दिग्गज शेयर नुकसान में कारोबार करते दिखे।
आज किन शेयर पर रहेंगी नजर
आज के कारोबार में कई बड़े शेयर निवेशकों के रडार पर रह सकते हैं। आईटी सेक्टर में टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, एचसीएल टेक्नोलॉजीज और आनंद राठी वेल्थ के शेयर फोकस में हैं, क्योंकि ये कंपनियां आज अपने दिसंबर तिमाही के नतीजे जारी करने वाली हैं। नतीजों को लेकर बाजार में हलचल तेज रहने की उम्मीद है।
एनटीपीसी भी चर्चा में
पावर सेक्टर में एनटीपीसी का शेयर चर्चा में है। कंपनी ने महाराष्ट्र स्टेट पावर जनरेशन कंपनी (महाजेनको) के साथ शेयरहोल्डर एग्रीमेंट किया है, जिसके तहत वह ₹3,800 करोड़ में एसटीपीएल का अधिग्रहण करेगी। ऑटो सेक्टर में महिंद्रा एंड महिंद्रा के शेयरों पर नजर रहेगी, जहां दिसंबर में बिक्री और उत्पादन में मजबूत बढ़ोतरी देखने को मिली है। वहीं, रिटेल सेक्टर से डीमार्ट की पैरेंट कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स ने मजबूत तिमाही नतीजे पेश किए हैं, जिससे शेयर में हलचल संभव है। वहीं, रिलायंस इंडस्ट्रीज भी निवेशकों के रडार पर है, जहां चेयरमैन मुकेश अंबानी ने स्वच्छ ऊर्जा और विकास को लेकर बड़े ऐलान किए हैं।





































