
प्रद्युत बोरदोलोई ने कांग्रेस छोड़कर बीजेपी का दामन थाम लिया है।
नई दिल्ली/गुवाहाटी: असम के नगांव से लोकसभा सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने मंगलवार को कांग्रेस पार्टी से इस्तीफा दे दिया और बुधवार को असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा और असम बीजेपी अध्यक्ष दिलीप सैकिया की मौजूदगी में BJP में शामिल हो गए। इसे कांग्रेस के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि राज्य में 9 अप्रैल को विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। प्रद्युत बोरदोलोई ने अपना इस्तीफा कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे को भेजा था। इस्तीफे में उन्होंने लिखा, ‘भरे मन से, मैं कांग्रेस के सभी पदों, विशेषाधिकारों और प्राथमिक सदस्यता से अपना इस्तीफा देता हूं।’
‘कांग्रेस में मेरा दम घुट रहा था’
कांग्रेस से इस्तीफा देकर BJP में शामिल होने पर प्रद्युत बोरदोलोई ने कहा, ‘इसका कोई एक कारण नहीं है। मेरा दम घुट रहा था, और मेरा अपमान किया जा रहा था। 13 मार्च को असम CEC की बैठक हुई थी। मुझे पता चला कि इमरान मसूद जैसे एक सांप्रदायिक नेता ने कहा कि मैंने जिस उम्मीदवार के खिलाफ आपराधिक गठजोड़ के सबूत दिए थे, और जिसके खिलाफ मैं बात कर रहा था, वह सब झूठा और मनगढ़ंत था। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में, इमरान मसूद ने यह कहने की जुर्रत की कि प्रद्युत बोरदोलोई ने जो कुछ भी कहा, वह सब मनगढ़ंत था। वहां मौजूद APCC अध्यक्ष चुप रहे। इससे मुझे बहुत दुख हुआ।’
बोरदोलोई को टिकट देगी बीजेपी?
हिमंत विश्व शर्मा ने इस पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा, ‘नगांव के वर्तमान सांसद प्रद्युत बोरदोलोई ने बीजेपी जॉइन कर ली है। कांग्रेस के साथ उनका इतिहास 1975 से जुड़ा है। उनके बीजेपी में शामिल होने से पार्टी मजबूत होगी। हम सब उनका पार्टी में स्वागत करते हैं। BJP की असम ईकाई केंद्रीय नेतृत्व से सिफारिश करेगी कि उन्हें विधानसभा चुनाव लड़ाया जाए। आत्मसम्मान से भरे किसी भी व्यक्ति के लिए कांग्रेस में रहने का कोई कारण नहीं है। हमारा लक्ष्य और कांग्रेस नेताओं को पार्टी में लाना है।’
कांग्रेस को लगा दूसरा बड़ा झटका
बता दें कि प्रद्युत बोरदोलोई प्रदेश में कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं और नगांव से 2 बार लोकसभा सांसद चुने गए हैं। उनके बेटे प्रतीक बोरदोलोई कांग्रेस के उम्मीदवार के रूप में मार्गेरिटा सीट से विधानसभा चुनाव लड़ रहे हैं। बता दें कि असम में कांग्रेस के लिए इसे लगातार दूसरा बड़ा झटका माना जा रहा है, क्योंकि कुछ समय पहले असम कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष भूपेन कुमार बोरा भी बीजेपी में शामिल हो चुके हैं। चुनावों से ठीक बोरदोलोई का बीजेपी में शामिल होना राज्य की सियासत में हलचल मचा सकता है।






































