
नए साल में अगर आप कार खरीदने की प्लानिंग कर रहे हैं तो यह खबर आपके लिए बेहद काम की है। मौजूदा समय में कुछ बैंक महज 7.40% की शुरुआती ब्याज दर पर कार लोन ऑफर कर रहे हैं, जो आम लोगों के लिए बड़ी राहत है। कार लोन पर आप थोड़े से होम वर्क कर सबसे अच्छी डील पा सकते हैं। आइए, हम ब्याज दरों से लेकर EMI कैलकुलेशन तक की पूरी जानकारी पर चर्चा करते हैं, ताकि आपको सही फैसला लेने में मदद मिल सके।
सरकारी बैंक भी दे रहे सस्ता कार लोन
2026 की शुरुआत में कार लोन की ब्याज दरें काफी कॉम्पिटिटिव हैं। कई सरकारी बैंक योग्य ग्राहकों को 8 प्रतिशत से भी कम ब्याज दर पर कार लोन ऑफर कर रहे हैं। कम ब्याज दर पर लिया गया लोन न सिर्फ आपकी मासिक EMI को कम करता है, बल्कि पूरी लोन अवधि में चुकाए जाने वाले कुल ब्याज में भी बड़ा फर्क डाल सकता है। Paisabazaar.com के मुताबिक, जनवरी 2026 में कार लोन की ब्याज दरें लेंडर, ग्राहक की क्रेडिट प्रोफाइल और बैंक के साथ उसके संबंधों के आधार पर अलग-अलग हैं। इस समय बाजार में कार लोन की दरें 7.40 फीसदी सालाना से शुरू होकर 14 फीसदी तक जा रही हैं। ऐसे में लोन लेने से पहले अलग-अलग बैंकों की दरों की तुलना करना बेहद जरूरी हो गया है, ताकि सबसे सस्ता और फायदेमंद विकल्प चुना जा सके।
यहां मिल रहा सिर्फ 7.40% ब्याज दर पर लोन
सरकारी बैंकों की बात करें तो यूनियन बैंक ऑफ इंडिया 7.40 प्रतिशत सालाना की सबसे कम शुरुआती दरों पर लोन ऑफर कर रहा है। पंजाब नेशनल बैंक, यूको बैंक, इंडियन बैंक और बैंक ऑफ महाराष्ट्र की शुरुआती दरें भी 7.50 परसेंट के आसपास हैं। सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया भी अच्छा ऑप्शन है, जिसकी दरें 7.60 और 9.20 प्रतिशत के बीच हैं। यह 31 मार्च, 2026 तक प्रोसेसिंग फीस भी माफ कर रहा है। कई बैंक मौजूदा कस्टमर्स को छूट दे रहे हैं। बैंक ऑफ महाराष्ट्र मौजूदा होम लोन लेने वालों और बैंक के साथ कम से कम छह महीने के संबंध वाले कस्टमर्स को 0.25 परसेंट ब्याज दर की छूट देता है।
₹10 लाख की 5 साल की EMI
कार लोन पर ब्याज दर आपकी उम्र, इनकम, सिबिल स्कोर, क्रेडिट हिस्ट्री आदि के आकलन पर निर्भर करता है। सबसे सस्ती ब्याज दर के लिए अगर आप योग्यता पूरी करते हैं तो आप 7.40 प्रतिशत ब्याज पर भी कार लोन ले सकते हैं। यूनियन बैंक कार लोन कैलकुलेटर के मुताबिक, 7.40 प्रतिशत ब्याज पर 5 साल के लिए 10 लाख रुपये कार लोन पर मंथली ईएमआई ₹19990.46 बनेगी। कैलकुलेशन के हिसाब से इस लोन के बदले 5 साल में आपको ₹199427.77 ब्याज के तौर पर चुकाना होगा। यानी आखिर में बैंक को कुल ₹11,99,427.77 चुकाने होंगे।
प्राइवेट बैंक के कार लोन हैं थोड़े महंगे
प्राइवेट सेक्टर के बैंक सरकारी बैंकों के मुकाबले थोड़ी ज्यादा ब्याज दरों पर कार लोन ऑफर कर रहे हैं। जैसे एचडीएफसी बैंक कार लोन की शुरुआत 8.20 प्रतिशत से कर रहा है, जबकि आईसीआईसीआई बैंक की शुरुआती दर 8.50 प्रतिशत है। आईडीएफसी फर्स्ट बैंक और फेडरल बैंक के कार लोन महंगे हैं।







































