
देश के रियल एस्टेट सेक्टर में एक बार फिर DLF ने अपनी बादशाहत साबित कर दी है। गुरुग्राम में लॉन्च किया गया DLF का अल्ट्रा लग्जरी हाउसिंग प्रोजेक्ट ‘The Dahlias’ करोड़पतियों और अरबपतियों की नई पसंद बन गया है। महज एक साल में इस प्रोजेक्ट के 221 फ्लैट्स लगभग 16,000 करोड़ रुपये में बिक गए हैं, यानी एक फ्लैट की औसत कीमत करीब 72 करोड़ रुपये। यह बिक्री आंकड़ा भारतीय रियल एस्टेट इतिहास के सबसे बड़े डील्स में से एक बन गया है।
गुरुग्राम में DLF का लग्जरी साम्राज्य
DLF ने अक्टूबर 2024 में गुरुग्राम के DLF फेज-5 में 17 एकड़ में फैले इस सुपर-लग्जरी हाउसिंग प्रोजेक्ट की शुरुआत की थी। ‘The Dahlias’ में 420 अपार्टमेंट्स और पेंटहाउस शामिल हैं। कंपनी की ताजा इन्वेस्टर रिपोर्ट के मुताबिक, सितंबर तिमाही तक DLF ने इस प्रोजेक्ट से 15,818 करोड़ रुपये की बिक्री दर्ज की है। DLF मैनेजमेंट ने एनालिस्ट कॉल में जानकारी दी कि अब तक 221 यूनिट्स बिक चुकी हैं। आपको बता दें कि हाल ही में एक दिल्ली-एनसीआर के बिजनेसमैन ने यहां चार फ्लैट्स (35,000 वर्ग फुट सुपर एरिया) के लिए 380 करोड़ रुपये का सौदा किया है। यह वही लोकेशन है जहां DLF का पिछला सुपर-हिट प्रोजेक्ट ‘The Camellias’ भी बना था, जिसकी सफलता के बाद कंपनी ने ‘The Dahlias’ लॉन्च किया।
रिकॉर्डतोड़ बिक्री से चमकी कंपनी की किस्मत
DLF ने चालू वित्त वर्ष की अप्रैल-सितंबर अवधि में 15,757 करोड़ रुपये की प्री-सेल्स दर्ज की, जो पिछले साल की तुलना में दोगुनी है (7,094 करोड़ रुपये)। कंपनी के एमडी अशोक कुमार त्यागी ने पहले ही संकेत दिया था कि DLF इस साल 20 से 22 हजार करोड़ रुपये की सेल बुकिंग हासिल करने का टारगेट रखती है और अब यह लक्ष्य लगभग तय माना जा रहा है।
मुनाफे में थोड़ी गिरावट, लेकिन बाजार में दबदबा कायम
जुलाई–सितंबर तिमाही में DLF का कंसॉलिडेटेड नेट प्रॉफिट 1180 रुपये करोड़ रहा, जो पिछले साल की तुलना में 15% कम है। बावजूद इसके, कंपनी की बिक्री और बुकिंग ग्रोथ ने रियल एस्टेट बाजार में DLF की पकड़ और मजबूत कर दी है। DLF ने अब तक 185 से ज्यादा रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स विकसित किए हैं और 352 मिलियन वर्ग फुट से ज्यादा एरिया डिवेलप किया है। आने वाले समय में कंपनी की नजर गोवा जैसे प्रीमियम मार्केट्स पर है, जहां अगला बड़ा प्रोजेक्ट लॉन्च होने जा रहा है।







































