
दक्षिण कोरियाई ऑटो कंपनी हुंडई मोटर की भारतीय यूनिट Hyundai Motor India Limited ने भारत में अपनी लोकप्रिय सेडान Hyundai Verna का अपडेटेड 2026 मॉडल लॉन्च कर दिया है। नई वर्ना की शुरुआती कीमत 10,98,400 रुपये (एक्स-शोरूम) रखी गई है। कंपनी ने इस फेसलिफ्ट मॉडल में डिजाइन, टेक्नोलॉजी, कम्फर्ट और सेफ्टी से जुड़े 25 से ज्यादा अपडेट शामिल किए हैं। मिड-साइज सेडान सेगमेंट में नई वर्ना की टक्कर अब भी Honda City, Skoda Slavia और Volkswagen Virtus जैसी कारों से रहेगी। कंपनी का कहना है कि नए अपडेट्स के साथ वर्ना की पकड़ इस सेगमेंट में और मजबूत होगी।
वेरिएंट और कीमत
नई वर्ना को कंपनी ने छह वेरिएंट- HX2, HX4, HX6, HX6+, HX8 और HX10 में पेश किया है। इसकी कीमत 10.98 लाख रुपये से शुरू होकर 18.25 लाख रुपये (एक्स-शोरूम) तक जाती है।
दो इंजन विकल्प
- 1.5 लीटर नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन
- 1.5 लीटर टर्बो पेट्रोल इंजन
एक्सटीरियर में क्या बदला
नई वर्ना के एक्सटीरियर को और ज्यादा प्रीमियम बनाने के लिए कई कॉस्मेटिक अपडेट दिए गए हैं। इसमें ब्लैक क्रोम रेडिएटर ग्रिल, ड्यूल LED प्रोजेक्टर हेडलैंप और नए डिजाइन के फ्रंट व रियर बंपर दिए गए हैं। इसके अलावा कार में 16-इंच के डायमंड-कट अलॉय व्हील्स और पहले से ज्यादा शार्प स्टांस मिलता है, जिससे इसका रोड प्रेजेंस बेहतर हो गया है। कंपनी के मुताबिक वर्ना अपने सेगमेंट की सबसे चौड़ी सेडान है और इसका व्हीलबेस 2,670 मिमी है, जो इस सेगमेंट में सबसे लंबा बताया जाता है।
डाइमेंशन जान लें
- लंबाई: 4,565 मिमी
- चौड़ाई: 1,765 मिमी
- व्हीलबेस: 2,670 मिमी
इससे केबिन में ज्यादा स्पेस और पीछे बैठने वाले यात्रियों को बेहतर कम्फर्ट मिलता है। कंपनी ने इस बार क्लासी ब्लू और टाइटन ग्रे मैट नाम से दो नए एक्सटीरियर कलर भी जोड़े हैं।
इंटीरियर और फीचर्स
नई वर्ना के केबिन को भी पहले से ज्यादा प्रीमियम बनाया गया है। rushlane के मुताबिक, इसमें D-कट स्टीयरिंग व्हील और लेदरेट सीट अपहोल्स्ट्री दी गई है। ड्राइवर और पैसेंजर दोनों के लिए इलेक्ट्रिक सीट एडजस्टमेंट मिलता है। ड्राइवर सीट में 8-वे इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट, मेमोरी फंक्शन और वेलकम रिट्रैक्ट फीचर दिया गया है, जबकि पैसेंजर सीट में 4-वे इलेक्ट्रिक एडजस्टमेंट और वॉक-इन डिवाइस मिलता है। कार में Hyundai Bluelink कनेक्टेड कार टेक्नोलॉजी दी गई है, जिसमें 70 से ज्यादा कनेक्टेड फीचर्स और 350 से ज्यादा वॉइस कमांड का सपोर्ट मिलता है।
कई प्रीमियम फीचर्स
- ड्यूल 10.25-इंच इंटीग्रेटेड इंफोटेनमेंट और डिजिटल क्लस्टर
- रियर विंडो सनशेड
- स्मार्ट ट्रंक
- 528 लीटर का बूट स्पेस
- वायरलेस स्मार्टफोन चार्जर
- फ्रंट वेंटिलेटेड सीट्स
- एंबिएंट लाइटिंग
- एडवांस टेक्नोलॉजी
कई एडवांस टेक्नोलॉजी फीचर्स भी
- Bose का 8-स्पीकर प्रीमियम साउंड सिस्टम
- स्विचेबल इंफोटेनमेंट और क्लाइमेट कंट्रोल पैनल
- वायरलेस Android Auto और Apple CarPlay
- इलेक्ट्रिक सनरूफ
- सराउंड व्यू मॉनिटर
- ब्लाइंड स्पॉट व्यू मॉनिटर
इंजन और परफॉर्मेंस
नई वर्ना में 1.5 लीटर MPi नैचुरली एस्पिरेटेड पेट्रोल इंजन को 6-स्पीड मैनुअल या IVT ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ जोड़ा गया है। वहीं 1.5 लीटर टर्बो GDi पेट्रोल इंजन 6-स्पीड मैनुअल और 7-स्पीड DCT ऑटोमैटिक ट्रांसमिशन के साथ उपलब्ध है। टर्बो इंजन 160 PS की पावर और 253 Nm का टॉर्क जनरेट करता है, जिससे यह अपने सेगमेंट की सबसे पावरफुल सेडान में से एक बन जाती है। इसके अलावा कार में Eco, Normal और Sport ड्राइव मोड, पैडल शिफ्टर्स और Idle Stop & Go (ISG) फीचर भी दिया गया है, जिससे परफॉर्मेंस और माइलेज दोनों बेहतर होते हैं।
75 से ज्यादा सेफ्टी फीचर्स
सेफ्टी के मामले में कार में Hyundai SmartSense Level-2 ADAS दिया गया है, जिसमें 20 एडवांस्ड ड्राइवर असिस्टेंस फीचर्स शामिल हैं। कार में मिलने वाले प्रमुख सेफ्टी फीचर्स में – 7 एयरबैग, इंटीग्रेटेड डैशकैम, रेन-सेंसिंग वाइपर्स, इलेक्ट्रॉनिक स्टेबिलिटी कंट्रोल, हिल स्टार्ट असिस्ट, रियर पार्किंग सेंसर, टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम और ISOFIX चाइल्ड सीट माउंट मौजूद है। नई वर्ना में कुल मिलाकर 75 से ज्यादा सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं, जो यात्रियों को बेहतर सुरक्षा और ज्यादा भरोसेमंद ड्राइविंग अनुभव देने के लिए डिजाइन किए गए हैं।







































