
एंबुलेंस बनी काल
बेंगलुरु: बेंगलुरु में एक एंबुलेंस और स्कूटर की टक्कर की वजह से दर्दनाक हादसा हुआ है। इस हादसे में स्कूटर सवार पति-पत्नी की मौके पर मौत हो गई है। घटना में 2 लोग घायल भी हुए हैं।
क्या है पूरा मामला?
शनिवार देर रात करीब 11 बजे शहर के रिचमंड सर्कल इलाके में तेज रफ्तार एम्बुलेंस ने लाल सिग्नल तोड़ते हुए कई दोपहिया वाहनों को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एम्बुलेंस पहले तीन बाइकों से टकराई और फिर एक स्कूटर को कुछ मीटर तक घसीटते हुए पुलिस चौकी से जा टकराई।
इस हादसे में स्कूटर पर सवार इस्माइल (40) और उनकी पत्नी समीना बनू की मौके पर ही मौत हो गई। दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिन्हें नज़दीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने एम्बुलेंस को उठाने की कोशिश की ताकि गम्भीर रूप से घायल दंपति को एम्बुलेंस के नीचे से निकाला जा सके। इस दौरान घटनास्थल पर लिया गया एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें क्षतिग्रस्त बाइकें और टकराई हुई पुलिस चौकी साफ दिखाई दे रही है।
विलसन गार्डन ट्रैफिक पुलिस मौके पर पहुंची, निरीक्षण किया और केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एम्बुलेंस चालक अशोक को हिरासत में ले लिया गया है और उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
बेंगलुरू में घटी इस घटना से इलाके के लोग दंग रह गए और लोगों का कहना है कि एंबुलेंस चालक को स्पीड लिमिट में ही वाहन चलाना चाहिए था। एक चालक की गलती की वजह से एक कपल की मौत हो गई। इस घटना में जो लोग घायल हैं, उनका हेल्थ अपडेट अभी नहीं मिला है।
कहा जा रहा है कि ड्राइवर अगर स्पीड कंट्रोल करके गाड़ी चलाता तो इस तरह के हादसे की नौबत ही नहीं आती। लेकिन वाहन चालक नियमों की अनदेखी करते हैं, जिसका खामियाजा लोगों को अपनी जान गंवाकर चुकाना पड़ता है।







































