
आप की अदालत में पहुंच उपराज्यपाल मनोज सिन्हा
Aap Ki Adalat: इंडिया टीवी के बहुचर्चित शो आप की अदालत में आज हमारे मेहमान बने जम्मू कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा। इस दौरान इंडिया टीवी के चेयरमैन और एडिटर-इन-चीफ रजत शर्मा ने मनोज सिन्हा से कई तीखे सवाल किए। छात्र राजनीति हो या परिवार, उत्तर प्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ के बारे में हो या फिर ऑपरेशन सिंदूर, मनोज सिन्हा ने सभी सवालों का जवाब बेबाकी से दिया। चलिए बताते हैं कि मनोज सिन्हा ने क्या कहा।
पहलगाम हमले के बाद, पोस्टमॉर्टम रूम में मौजूद थे मनोज सिन्हा
पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले पर संजय राउत और गौरव गोगोई के बयान पर मनोज सिन्हा ने कहा कि मैं पोस्टमॉर्टम रूम में खुद मौजूद था। वहां जो पीड़ित परिवार के लोग थे वो खुद चिल्ला-चिल्लाकर कह रहे थे और सबने देखा है पूरी दुनिया ने देखा है कि धर्म पूछकर लोगों को मारा गया है। प्रत्यक्ष को प्रमाण की आवश्यकता नहीं है। देश और दुनिया को साफ हो चुका है। तीनों आतंकवादी जो मारे गए उनकी पहचान हो गई और जिन हथियारों से निर्दोष लोगों को मारा गया, उनकी भी पहचान हो गई। जिन परिवारों ने आतंकियों को भोजन कराया और पानी पिलाया था उन्होंने भी इसकी पहचान की।
संसद में बहस के बीच ही क्यों मारे गए आतंकी?
मनोज सिन्हा ने कहा कि 22 अप्रैल से ही ऑपरेशन महादेव चल रहा था। जो लोग पहलगाम की घटना में लिप्त हैं वो निकलकर बाहर न जा सकें, इसी लिहाज से काम हो रहा था। जिस दिन पार्लियामेंट में बहस हो रही थी, उसी दिन वो आतंकी मरें, ये भगवान की ही मर्जी थी। पहले पाकिस्तान कैलेंडर जारी करता था। 132 दिन न स्कूल चलते थे, ना कॉलेज, पथराव करना आम बात हो गई थी। सुरक्षाबल और आम नागरिक मारे जाते थे। 22 अप्रैल के बाद मुझे उसी दिन नींद आई जब तीनों आतंकी मारे गए। मनोज सिन्हा ने कहा कि देश के गृहमंत्री अमित शाह बैसरन घाटी में गए थे। 22 की घटना हुई और 22 की शाम श्रीनगर पहुंच गए और 23 की सुबह सुबह सुरक्षा एजेंसियों के साथ जाकर उन्होंने चर्चा की और पीड़ित परिजनों से मुलाकात की।






































