
Silver and Gold Price: अमेरिका और वेनेजुएला के बीच ताजा तनाव का असर आज सोने और चांदी कीमतों में देखने को मिला। ऑल इंडिया सर्राफा एसोसिएशन के मुताबिक, सोमवार को दिल्ली के सर्राफा बाजार में 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाले सोने की कीमत 960 रुपये की तेजी के साथ 1,40,400 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गई। पिछले हफ्ते शुक्रवार को ये 1,39,440 रुपये प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था। सोने के साथ ही आज चांदी के भाव में भी तेज बढ़त देखने को मिली। आज दिल्ली में चांदी की कीमतें 2600 रुपये की तेजी के साथ 2,44,000 रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई, जो पिछले हफ्ते शुक्रवार को 2,41,400 रुपये प्रति किलो पर बंद हुई थी।
वेनेजुएला के खिलाफ अमेरिकी कार्रवाई की वजह से बढ़ी कीमतें
सर्राफा एसोसिएशन ने कहा कि भू-राजनीतिक जोखिम बढ़ने के कारण सुरक्षित निवेश के तौर पर सोने और चांदी दोनों की मांग में आज इजाफा देखने को मिला। एचडीएफसी सिक्योरिटीज के सीनियर एनालिस्ट (कमोडिटी) सौमिल गांधी ने कहा, “सोमवार को सोने और चांदी की कीमतों में बढ़ोतरी हुई, जो भू-राजनीतिक जोखिमों से प्रेरित थी। इसने सुरक्षित निवेश की मांग को बनाए रखा और बुलियन के लिए एक सकारात्मक माहौल बनाया, खासकर वेनेजुएला के खिलाफ अमेरिका की बढ़ी हुई कार्रवाई के बाद।”
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की बयानबाजी ने भी तेजी को दिया बल
सौमिल गांधी ने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की कोलंबिया और मैक्सिको पर टकराव वाली बयानबाजी ने भी लैटिन अमेरिका में संभावित क्षेत्रीय अस्थिरता को लेकर चिंताएं बढ़ा दी हैं, जिससे पारंपरिक सुरक्षित निवेश संपत्तियों की मांग और बढ़ गई है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी दिखी जोरदार तेजी
अंतरराष्ट्रीय बाजार में, हाजिर सोना 87.74 डॉलर या 2.03 प्रतिशत बढ़कर 4418.24 डॉलर प्रति औंस हो गया। इसके अलावा, आज हाजिर चांदी भी 2.35 डॉलर या 3.24 प्रतिशत बढ़कर 75.02 डॉलर प्रति औंस हो गई। कोटक म्यूचुअल फंड के VP और फंड मैनेजर सतीश डोंडापति ने कहा, “मजबूत औद्योगिक और निवेश मांग, आपूर्ति संबंधी चिंताओं और वैश्विक भू-राजनीतिक तनाव के कारण चांदी की कीमतें ऊंची बनी हुई हैं।”






































