
पूर्व आर्मी चीफ मनोज मुकुंद नरवणे
नई दिल्ली: पूर्व आर्मी चीफ मनोज मुकुंद नरवणे की आगामी किताब ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ (Four Stars of Destiny) के प्रकाशन से पहले ही एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस किताब की प्री-प्रिंट कॉपी (PDF) के कथित तौर पर ऑनलाइन लीक होने की खबरों के बाद दिल्ली पुलिस ने कड़ा रुख अपनाया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने इस कथित लीक या बिना अनुमति प्रकाशन की आशंका को लेकर स्पेशल सेल में केस दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गहन जांच की जा रही है और यह पता लगाया जाएगा कि PDF कैसे और किसने ऑनलाइन डाली?
क्या है पूरा मामला?
दिल्ली पुलिस को विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स और न्यूज़ फोरम के जरिए जानकारी मिली थी कि जनरल नरवणे की किताब की एक प्री-प्रिंट कॉपी धड़ल्ले से सर्कुलेट हो रही है। गौर करने वाली बात यह है कि इस किताब को अभी तक संबंधित सैन्य और सरकारी अधिकारियों से प्रकाशन के लिए क्लीयरेंस यानी मंजूरी मिलना बाकी है।
ऑनलाइन प्लेटफॉर्म पर बिक्री का दावा
पुलिस द्वारा की गई शुरुआती जांच में सामने आया कि ‘फोर स्टार्स ऑफ डेस्टिनी’ नाम की एक टाइप-सेट किताब की PDF कॉपी कुछ वेबसाइटों पर उपलब्ध है। कुछ ई-कॉमर्स और ऑनलाइन मार्केटिंग प्लेटफॉर्म्स पर किताब का फाइनल कवर पेज इस तरह प्रदर्शित किया जा रहा है जैसे कि यह बिक्री के लिए उपलब्ध हो।
जनरल नरवणे की किताब का मुद्दा
दरअसल, हाल ही में बजट सत्र के दौरान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इस किताब के अंशों का जिक्र किया था। राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा करते हुए राहुल गांधी ने एक मैगजीन में छपे लेख का हवाला दिया था, जो जनरल नरवणे की किताब पर आधारित बताया गया। राहुल गांधी ने दावा किया कि किताब में 2020 के लद्दाख गतिरोध (गलवान और डोकलाम) और अग्निपथ योजना को लेकर कुछ ऐसी बातें कही गई हैं जो सरकार के दावों से अलग हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और गृह मंत्री अमित शाह ने इस पर कड़ी आपत्ति जताई थी। उनका कहना था कि जिस किताब को अभी तक रक्षा मंत्रालय से मंजूरी नहीं मिली है और जो आधिकारिक रूप से प्रकाशित ही नहीं हुई है, उसे सदन के पटल पर कोट नहीं किया जा सकता।
ये भी पढ़ें-
शहडोल को 748 करोड़ की सौगात, CM मोहन यादव ने दी 139 विकास कार्यों की मंजूरी
नहीं रही सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर चिन्नू पप्पू, किराए के घर में फंदे से लटका मिला शव







































