
AIMIM सुप्रीमो असदुद्दीन ओवैसी और ईरान के सु्प्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई।
हैदराबाद: ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने रविवार को ईरान के सर्वोच्च नेता अयातोल्लाह अली खमेनी की हत्या की कड़ी निंदा की। उन्होंने अमेरिका और इजरायल के इस हमले को कायरतापूर्ण और अमानवीय बताया। ओवैसी ने पश्चिम एशिया में इस बढ़ते तनाव के चलते तेल की कीमतें बढ़ने की हालत में भारत की अर्थव्यवस्था पर पड़ने वाले असर पर चिंता जताई। वहीं, अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के मुस्लिम स्कॉलर रेहान अख्तर कासमी ने भी पश्चिम एशिया की स्थिति पर चिंता जाहिर की।
‘यह एक कायरतापूर्ण और अमानवीय हमला है’
खामेनेई की हत्या की निंदा करते हुए ओवैसी ने कहा, ‘ईरान के सम्मानित नेता अयातोल्लाह खमेनी को मार दिया गया। ईरान के लोग इसका जवाब जरूर देंगे। जब जेनेवा में शांति वार्ता चल रही थी, तभी हमला किया गया। यह एक कायरतापूर्ण और अमानवीय हमला है। अगर यह युद्ध जारी रहा, तो तेल की कीमतें बढ़ेंगी, और यहां तक कि 1 डॉलर का फर्क भी भारत की अर्थव्यवस्था पर बड़ा असर डालेगा।’ बता दें कि अमेरिका और इजरायल ने शनिवार को ईरान पर संयुक्त रूप से हमला किया था जिसमें ईरान के सु्प्रीम लीडर समेत कई महत्वपूर्ण व्यक्ति मारे गए थे।
‘युद्ध कभी भी किसी समस्या का हल नहीं होता’
ईरान में जारी जंग पर बोलते हुए रेहान अख्तर कासमी ने कहा,’दोनों देशों में निर्दोष लोग मारे जा रहे हैं, और आर्थिक केंद्रों पर हमलों से हंगामा मचा हुआ है। युद्ध कभी भी किसी समस्या का हल नहीं होता, चाहे कोई भी दौर हो। यूक्रेन और रूस का युद्ध हो, या अफगानिस्तान का हालिया युद्ध, कभी युद्ध से कोई समस्या हल नहीं हुई।’ कासमी ने भारत सरकार से अपील की कि वह शांति की वकालत करे। उन्होंने कहा, ‘ईरान के सर्वोच्च नेता को भी हाल ही में मार दिया गया, यह सही संदेश नहीं दे रहा है। हर भारतीय मुस्लिम और सभी नागरिक युद्ध के खिलाफ हैं। देश की लीडरशिप को आगे आकर इस युद्ध को रोकने के लिए कदम उठाना चाहिए।’
इजरायल की सेना ने जारी किया हमले का वीडियो
इजरायल ने ‘ईरान के दिल’ में हवाई हमले का वीडियो जारी किया है, जिसमें उनके सर्वोच्च नेता अयातुल्ला खामेनेई की मौत हो गई। इजरायल की सेना यानी कि IDF ने ऑपरेशन ‘रोरिंग लायन’ के तहत ईरान में हमले किए। X पर एक पोस्ट में IDF ने कहा, ‘देखिए: ऑपरेशन ‘रोरिंग लायन’ की शुरुआत के बाद पहली बार, IAF ईरान के आतंकवादी शासन के ठिकारों पर तेहरान के दिल में हमला कर रहा है।’ इजरायल ने ईरानी सशस्त्र बलों के चीफ ऑफ स्टाफ अब्दोलरहीम मूसवी को भी मार गिराया। इसके जवाब में, ईरान ने इजरायल और संयुक्त अरब अमीरात, बहरीन, कतर तथा सऊदी अरब में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हमले किए।





































