
प्रतीकात्मक फोटो
कर्नाटक के बागलकोट जिले में सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां पुलिस ने एक ऑटो ड्राइवर को गिरफ्तार किया है, जिसने अपने 12 साल के बेटे से शहर की एक मस्जिद की दीवार पर जय श्री राम के नारे लिखवाए थे।
क्या है पूरा मामला?
पुलिस के अनुसार, आरोपी की पहचान यमुनोरी भजंत्री के रूप में हुई है। शुक्रवार की रात भजंत्री अपने बेटे और अपनी बहन के बच्चों समेत कुल छह बच्चों को ऑटो में लेकर घूमने निकला था। इसी दौरान, उसने शहर की एक मस्जिद के पास रुककर अपने 12 साल के बेटे को दीवार पर ‘जय श्री राम’ लिखने के लिए कहा।
CCTV से खुला राज
यह घटना पास के CCTV में कैद हो गई। पुलिस अधिकारियों की एक टीम ने मौके पर जाकर CCTV फुटेज खंगाली। उन्होंने यमुनोरी भजंत्री को गिरफ्तार कर लिया। उसके बेटे को भी हिरासत में लेकर जुवेनाइल जस्टिस बोर्ड के सामने पेश किया गया है।
कार्रवाई की चेतावनी
पुलिस ने कहा कि आगे की जांच समेत कानूनी प्रक्रिया जारी है। सुपरिटेंडेंट ऑफ़ पुलिस सिद्धार्थ गोयल ने लोगों से अपील की है कि वे मासूम बच्चों का इस्तेमाल जुर्म में न करें। उन्होंने ऐसे काम करने वाले बड़ों को सख्त कानूनी कार्रवाई की चेतावनी दी है। उन्होंने शांति बनाए रखने और संयम दिखाने के लिए मस्जिद समुदाय के सदस्यों की भी तारीफ की है। पुलिस ने कहा है कि फिलहाल कानूनी प्रक्रिया जारी है और स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।
ये भी पढ़ें-
वर्ल्ड कप फाइनल के बीच 3 राज्यों की पुलिस की दिखी मजेदार जुगलबंदी, पोस्ट जमकर हो रहा वायरल







































