तमिलनाडु: तमिलनाडु में 23 अप्रैल को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग है लेकिन वोटिंग से एक दिन पहले 22 अप्रैल को श्रीवैकुंठम से कांग्रेस उम्मीदवार उर्वशी एस. अमृतराज के आवास से फ्लाइंग स्क्वाड टीम (एफएसटी) ने लगभग 65 लाख रुपये बरामद किए हैं।
दरअसल चुनाव अधिकारी को ये सूचना मिली थी कि घर में मतदाताओं को बांटने के लिए बड़ी मात्रा में नकदी जमा की गई है। इसीलिए चुनाव अधिकारी पोनमारी के नेतृत्व में चुनाव फ्लाइंग स्क्वाड ने छापेमारी की और श्रीवैकुंठम से कांग्रेस उम्मीदवार उर्वशी एस. अमृतराज के थूथुकुडी जिले के गणेश नगर स्थित आवास से लगभग 65 लाख रुपये बरामद किए।
क्या है पूरा मामला?
चुनाव अधिकारी पोनमारी के नेतृत्व में चुनाव फ्लाइंग स्क्वाड ने श्रीवैकुंठम विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार उर्वशी अमृतराज के आवास पर अचानक छापा मारा। तलाशी के दौरान, घर के अंदर छिपाकर रखी गई 65 लाख रुपये की बेहिसाब नकदी बरामद हुई।
इस नकदी के कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं किए गए, इसलिए अधिकारियों ने नकदी जब्त कर ली। जब्त की गई नकदी को बाद में दक्षिण पुलिस स्टेशन को सौंप दिया गया। इस घटना के संबंध में, पुलिस ने थूथुकुडी जिले के कचाना विलाई निवासी सुरेश को हिरासत में लिया है और विस्तृत जांच कर रही है। अधिकारी धन के स्रोत और क्या यह मतदाताओं को बांटने के लिए था, इसकी जांच कर रहे हैं।
तमिलनाडु में कब से हैं चुनाव?
तमिलनाडु में 23 अप्रैल को विधानसभा चुनाव के लिए वोटिंग है। यहां 234 सीटों पर चुनाव होगा। चुनाव के नतीजे 4 मई को आएंगे।
यहां मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ डीएमके (DMK) गठबंधन और मुख्य विपक्षी दल एआईएडीएमके (AIADMK) के बीच है। इसके अलावा, अभिनेता विजय की नई पार्टी टीवीके (TVK) ने भी मुकाबले को दिलचस्प बना दिया है। देखना ये होगा कि राज्य की जनता किसके सिर पर जीत का सेहरा सजाती है।







































