रिलायंस इंडस्ट्रीज की कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड (JPL) आखिरकार बुधवार, 28 अक्टूबर को घरेलू शेयर बाजार में लिस्ट होने जा रही है। जियो प्लेटफॉर्म्स ने 1119 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर 27 करोड़ नए शेयर जारी करने और 10.3 लाख करोड़ रुपये की वैल्यूएशन के साथ भारत के सबसे सफल आईपीओ में से एक को पूरा किया है।
IPO वैल्यूएशन के हिसाब से, जियो प्लेटफॉर्म्स मार्केट कैप के मामले में चौथी सबसे बड़ी भारतीय कंपनी बन गई है। जियो प्लेटफॉर्म्स, रिलायंस इंडस्ट्रीज (16.2 लाख करोड़ रुपये), भारती एयरटेल (12.2 लाख करोड़ रुपये) और एचडीएफसी बैंक (10.6 लाख करोड़ रुपये) के ठीक पीछे है।
ये भारतीय शेयर बाजार के लिए एक ऐतिहासिक पल है, क्योंकि भारतीय कैपिटल मार्केट के इतिहास में अब तक किसी भी कंपनी ने 10 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के वैल्यूएशन पर IPO नहीं लाया था। जियो प्लेटफॉर्म्स लिमिटेड के शेयर बुधवार, 28 अक्टूबर को NSE और BSE पर लिस्ट होने जा रहे हैं।
JPL के शेयरों की प्रीमियम पर लिस्ट होने की अच्छी संभावना
IPO के लिए मजबूत मांग और ग्रे मार्केट प्रीमियम से संकेत मिलता है कि JPL के शेयरों में अलॉटमेंट प्राइस से ज्यादा कीमत (प्रीमियम) पर लिस्ट होने की अच्छी संभावना है। अगर JPL के शेयर अलॉटमेंट प्राइस से 20% प्रीमियम पर, यानी 1340 रुपये पर लिस्ट होते हैं, तो JPL भारत की दूसरी सबसे वैल्यूएबल कंपनी के रूप में अपनी शुरुआत करेगी। 1340 रुपये प्रति शेयर की कीमत पर, JPL का कुल मार्केट कैप 12.3 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा हो जाएगा।
भारत का सबसे वैल्यूएबल ग्रुप बन जाएगा मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाला रिलायंस ग्रुप
अगर जियो मार्केट कैप के मामले में अपनी पैरेंट कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के ठीक नीचे, भारत की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी के रूप में शुरुआत करती है, तो ये एक और ऐतिहासिक उपलब्धि होगी। इसके अलावा, सिर्फ IPO वैल्यूएशन को ही देखें तो रिलायंस इंडस्ट्रीज और जियो प्लेटफॉर्म्स को मिलाकर मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाला रिलायंस ग्रुप भारत का सबसे वैल्यूएबल ग्रुप बन जाएगा। जिसका कुल मार्केट कैप 27 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा होगा।
IPO कीमत से प्रीमियम पर JPL की शुरुआत रिलायंस ग्रुप को 30 लाख करोड़ रुपये की मार्केट वैल्यू के मुकाम के करीब ले जा सकती है, जो किसी भी भारतीय कॉर्पोरेट ग्रुप के लिए अब तक का सबसे ऊंचा स्तर होगा।
Disclaimer: ये न्यूज सिर्फ जानकारी के लिए है। निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें।
ये भी पढ़ें







































