दिवाली से पहले उत्तर प्रदेश के रियल एस्टेट सेक्टर के लिए गुड न्यूज आई है। प्रदेश में घर खरीदने की प्लानिंग बना रहे लोगों के लिए आने वाले समय में नए ऑप्शन उपलब्ध हो सकते हैं। उत्तर प्रदेश रियल एस्टेट रेगुलेटरी अथॉरिटी (UP RERA) ने राज्य के 8 जिलों में 17 नए रियल एस्टेट प्रोजेक्ट को मंजूरी दी है। इन परियोजनाओं पर करीब 4,844 करोड़ रुपये का निवेश प्रस्तावित है। इनके तहत 5,726 से ज्यादा रेसिडेंशियल और कमर्शियल यूनिट तैयार किए जाएंगे। इन मंजूरियों से राज्य के अलग-अलग शहरों में प्रॉपर्टी बाजार को नई गति मिलने की उम्मीद है।
लखनऊ में सबसे ज्यादा 9 प्रोजेक्ट को मंजूरी
UP RERA के मुताबिक, लखनऊ में सबसे ज्यादा 9 प्रोजेक्ट को मंजूरी मिली है। इनमें 6 रेसिडेंशियल, एक मिक्स्ड यूज और 2 कमर्शियल प्रोजेक्ट शामिल हैं। इन पर करीब 2,203.27 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। इनके तहत कुल 3,031 यूनिट विकसित होंगी। वहीं, गाजियाबाद में 943.28 करोड़ रुपये के निवेश वाले 2 रेसिडेंशियल प्रोजेक्ट को मंजूरी मिली है। इनमें कुल 1,016 यूनिट बनाई जाएंगी। गौतम बुद्ध नगर में 940.43 करोड़ रुपये के एक मिक्स्ड यूज प्रोजेक्ट को हरी झंडी मिली है। इसमें 456 यूनिट विकसित की जाएंगी।
कानपुर और मेरठ में भी नए प्रोजेक्ट
कानपुर में 524.66 करोड़ रुपये के निवेश से एक रेसिडेंशियल प्रोजेक्ट तैयार होगा। इसमें 597 यूनिट होंगी। मेरठ में 194.28 करोड़ रुपये की लागत वाले प्रोजेक्ट को मंजूरी दी गई है, जिसमें 313 यूनिट बनाई जाएंगी। इसके अलावा अयोध्या, फिरोजाबाद और मुरादाबाद में भी रेसिडेंशियल प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिली है। अयोध्या में 26.61 करोड़ रुपये के निवेश से 159 यूनिट, फिरोजाबाद में 10.87 करोड़ रुपये से 48 यूनिट और मुरादाबाद में 1.03 करोड़ रुपये से 12 यूनिट विकसित की जाएंगी।
घर खरीदारों के हितों की होगी निगरानी
UP RERA के चेयरमैन संजय भूसरेड्डी ने कहा कि प्रोजेक्ट प्रस्तावों का समय पर निपटारा और उनके निर्माण की नियमित निगरानी जरूरी है, ताकि परियोजनाएं तय योजना के अनुसार आगे बढ़ सकें। प्राधिकरण का उद्देश्य घर खरीदारों को सुरक्षित और भरोसेमंद माहौल देना है। UP RERA ने कहा है कि सभी मंजूर परियोजनाओं की निगरानी की जाएगी। यह सुनिश्चित किया जाएगा कि बिल्डर RERA एक्ट के नियमों का पालन करें और घर खरीदारों के हित सुरक्षित रहें।
यह भी पढ़ें- दिल्ली में घर खरीदने का सपना होगा सच, DDA दे रहा 25% की भारी छूट; सिर्फ ₹14.95 लाख में पाएं अपना फ्लैट





































