
धनतेरस पर इस बार सिर्फ सोना-चांदी ही नहीं, कारों की भी जबरदस्त खरीदारी देखने को मिली। त्योहार के इस शुभ मौके पर देश के ऑटो सेक्टर ने नया रिकॉर्ड बना दिया है। मारुति-सुजुकी इंडिया ने धनतेरस के दिन 50 हजार से ज्यादा कारों की डिलीवरी कर इतिहास रच दिया, वहीं हुंडई मोटर इंडिया की सेल में भी 20% की छलांग दर्ज की गई।
मारुति-सुजुकी में मार्केटिंग एंड सेल्स के सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर पार्थो बनर्जी ने बताया कि कंपनी ने आज तक का सबसे बड़ा डिलीवरी रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि आज हम करीब 41,000 डिलीवरी कर रहे हैं, जबकि शनिवार को शुभ न मानने वाले लगभग 10,000 ग्राहक कल अपनी गाड़ियां लेंगे। इस तरह हम 50,000 यूनिट्स के पार पहुंच जाएंगे। उन्होंने आगे बताया कि कंपनी की प्रोडक्शन टीम त्योहार के दिन भी काम कर रही है ताकि डिलीवरी समय पर हो सके। उन्होंने बताया कि पिछले साल धनतेरस पर कंपनी ने लगभग 41,500 यूनिट्स बेची थीं, जबकि इस बार यह आंकड़ा रिकॉर्ड तोड़ गया।
GST 2.0 के बाद उमड़ी भीड़
उन्होंने कहा कि “GST 2.0” के सुधारों के बाद ग्राहकों की भीड़ शोरूम्स में उमड़ रही है और कई जगहों पर वाहनों की तत्काल डिलीवरी देना चुनौती बन गया है। उन्होंने बताया कि सितंबर 18 के बाद से कंपनी को 4.5 लाख नई बुकिंग्स मिली हैं, जिनमें से 94,000 छोटी कारों की बुकिंग है।
हुंडई मोटर की बिक्री
वहीं, हुंडई मोटर इंडिया लिमिटेड के एमडी और सीईओ डिजाइनट टरुण गर्ग ने कहा कि कंपनी को इस धनतेरस पर 14,000 यूनिट्स की डिलीवरी की उम्मीद है, जो पिछले साल की तुलना में 20% ज्यादा है। उन्होंने कहा कि बाजार में पॉजिटिव सेंटिमेंट और GST 2.0 सुधारों ने फेस्टिव स्पिरिट को और मजबूत किया है।
ज्वेलरी मार्केट में भी अच्छी खरीददारी
केवल ऑटो सेक्टर ही नहीं, कंज्यूमर इलेक्ट्रॉनिक्स और ज्वेलरी मार्केट में भी इस बार शानदार बिक्री दर्ज हुई। पैनासोनिक, टाटा तनिष्क और हैयर जैसी कंपनियों ने बताया कि बड़े टीवी, गोल्ड ज्वेलरी और प्रीमियम होम अप्लायंसेज की खरीद में जबरदस्त उछाल देखा गया है।





































