
अगर आप कम जोखिम में सुरक्षित और निश्चित रिटर्न वाला निवेश ढूंढ रहे हैं, तो फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) इस समय बेहतरीन ऑप्शन बन चुका है। वजह यह है कि कई बैंक आम नागरिकों (60 साल से कम उम्र) के लिए 1 साल की FD पर 7.4% तक की शानदार ब्याज दरें दे रहे हैं। ऐसे समय में जब मार्केट में उतार-चढ़ाव बढ़ता जा रहा है, FD पर मिलने वाले ये रिटर्न आपकी बचत को सुरक्षित रखते हुए अच्छा मुनाफा दिला सकते हैं।
कौन दे रहा है सबसे ज्यादा ब्याज?
कुछ स्मॉल फाइनेंस बैंक अभी भी 1 साल की अवधि पर सबसे अट्रैक्टिव रिटर्न दे रहे हैं। आइए जानें किस बैंक में कितना ब्याज मिल रहा है।
- सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक: आम नागरिकों के लिए सूर्योदय स्मॉल फाइनेंस बैंक 1 साल की FD पर 7.4% तक ब्याज दे रहा है। यह इस समय 1-वर्षीय अवधि पर सबसे ऊंची ब्याज दरों में से एक है।
- जाना स्मॉल फाइनेंस: 1 साल की FD पर जाना स्मॉल फाइनेंस बैंक 7.25% ब्याज दे रहा है।
- उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक: आम ग्राहकों को 1 साल की FD पर उज्जीवन स्मॉल फाइनेंस बैंक 7.25% रिटर्न ऑफर कर रहा है।
इन सभी बैंकों में आप 3 करोड़ रुपये तक की FD बनवा सकते हैं।
FD पर TDS कब काटा जाता है?
बहुत से लोग यह भ्रम रखते हैं कि FD पर मिलने वाला ब्याज हमेशा टैक्सेबल होता है। लेकिन असल में बैंक तभी TDS काटता है जब आपकी किसी एक बैंक की FD से कुल ब्याज आय 1 लाख रुपये से ज्यादा हो जाती है। TDS कोई अलग टैक्स नहीं है, इसे आप ITR फाइल करते समय एडजस्ट या रिफंड के रूप में वापस पा सकते हैं।
क्या Form 15G देकर TDS बचाया जा सकता है?
हां, लेकिन इसके लिए दो शर्तें जरूरी हैं। आपकी कुल टैक्स लायबिलिटी NIL होनी चाहिए। जिस इनकम पर TDS नहीं कटवाना चाहते, वह बेसिक छूट सीमा से कम होनी चाहिए।
बेसिक छूट लिमिट
पुराने टैक्स सिस्टम में 2,50,000 रुपये तक छूट है, जबकि नए टैक्स सिस्टम में 4,00,000 रुपये तक की छूट है। उदाहरण के लिए, यदि आपका कुल इनकम NIL टैक्स बनाता है, लेकिन FD का ब्याज 4 लाख से ज्यादा है (नया टैक्स रेजीम), तब आप Form 15G जमा नहीं कर सकते। विशेषज्ञों के अनुसार केवल NIL टैक्स लायबिलिटी होने से Form 15G की अनुमति नहीं मिलती, बल्कि दोनों शर्तें पूरी होनी चाहिए।
Disclaimer: ये कोई निवेश सलाह नहीं है बल्कि सिर्फ एक जानकारी है। रुपये-पैसों से जुड़ा कोई भी फैसला लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकारों से सलाह लें।





































