
भारत में जब कोई गाड़ी लोगों की पसंद बन जाती है तो वो सिर्फ एक गाड़ी नहीं बल्कि एक पहचान बन जाती है। देश में हमेशा से ही गाड़ियों का दौर देखने को मिला है। मौजूदा समय की बात करें तो अभी कई गाड़ियों का दौर चल रहा है, जिनमें महिंद्रा थार, महिंद्रा स्कॉर्पियो-एन, टोयोटा फॉर्च्यूनर, लैंड रोवर डिफेंडर जैसी गाड़ियां शामिल हैं। भारत में टोयोटा फॉर्च्यूनर अब सिर्फ राजनेताओं की ही नहीं बल्कि बिजेनसमैन, कलाकारों समेत कई वर्गों की भी पसंद बनती जा रही है। आज हम जानेंगे कि टोयोटा फॉर्च्यूनर खरीदने के लिए आपकी सैलरी कितनी होनी चाहिए और इसे खरीदने के बाद आपको हर महीने कितने रुपये की EMI देनी होगी?
टोयोटा फॉर्च्यूनर की कीमत
भारत में टोयोटा फॉर्च्यूनर का एक्स-शोरूम प्राइस 34.16 लाख रुपये से शुरू होकर 49.59 लाख रुपये तक जाता है। एक्स-शोरूम प्राइस के साथ आपको रजिस्ट्रेशन, इंश्योरेंस के लिए अच्छी-खासी रकम चुकानी होती है। इसके अलावा, गाड़ी पर और भी कई तरह के चार्जेस होते हैं, जिसके बाद इसकी ऑन-रोड कीमत 40 लाख रुपये लेकर 59 लाख रुपये तक पहुंच जाती है।
टोयोटा फॉर्च्यूनर खरीदने के लिए मजबूत होनी चाहिए आर्थिक स्थिति
फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स का मानना है कि आपकी कार की कीमत आपकी सालाना इनकम के 50% से ज्यादा नहीं होनी चाहिए, ताकि आपकी वित्तीय स्थिति बेहतर बनी रहे और आपको किसी भी तरह की आर्थिक समस्याएं न हों और आपका इंवेस्टमेंट भी सुरक्षित रहे। यानी अगर आप टोयोटा फॉर्च्यूनर का 59 लाख रुपये वाला टॉप मॉडल खरीदना चाहते हैं तो आपकी सालाना इनकम कम से कम 1.18 करोड़ रुपये होनी चाहिए।
EMI का हिसाब-किताब
- अगर आप दिल्ली में रहते हैं और टोयोटा फॉर्च्यूनर का टॉप मॉडल खरीदना चाहते हैं और इसकी कीमत 58.80 लाख रुपये का 20 प्रतिशत यानी 11.76 लाख रुपये का डाउन पेमेंट करना चाहिए।
- 58.80 लाख रुपये की गाड़ी के लिए 11.76 लाख रुपये का डाउन पेमेंट करने पर आपको 47.04 लाख रुपये का लोन लेना होगा।
- ज्यादातर बैंक 8.5 प्रतिशत तक की ब्याज दरों पर कार लोन मुहैया कर रहे हैं। अगर आप 5 साल के लिए भी 47.2 लाख रुपये का लोन लेते हैं तो आपको हर महीने 96,500 रुपये की EMI चुकानी होगी।
Fortuner खरीदने के लिए कितनी होनी चाहिए सैलरी
फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स कहते हैं कि आपके कार लोन की EMI, आपकी इन-हैंड सैलरी के 20 प्रतिशत से ज्यादा नहीं होना चाहिए। ताकि, आपकी वित्तीय स्थिति पर कोई बुरा असर न पड़े। यानी, अगर आपकी EMI लगभग 1 लाख रुपये बनती है तो इसका मतलब आपकी मंथली सैलरी भी 5 लाख रुपये तक होनी चाहिए। फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स की सलाह और इस कैलकुलेशन के आधार पर, टोयोटा फॉर्च्यूनर खरीदने के लिए आपकी मंथली सैलरी कम से कम 5 लाख रुपये होनी चाहिए। फाइनेंशियल एक्सपर्ट्स का मानना है कि महंगी गाड़ी खरीदने के लिए आपको न सिर्फ मोटी ईएमआई चुकानी होती है, बल्कि आपको इसके मेनटेनेंस के लिए भी समय-समय पर मोटी रकम खर्च करनी होती है।







































