
HDFC Bank Home Loan: देश की आबादी का एक बड़ा हिस्सा घर-मकान खरीदने के लिए होम लोन पर निर्भर रहता है। होम लोन, सबसे लंबे समय तक के लिए चलने वाला लोन होता है और यही वजह है कि होम लोन, दूसरे लोन की तुलना में सबसे कम ब्याज दरों पर मुहैया कराया जाता है। देश का सबसे बड़ा प्राइवेट बैंक- HDFC Bank अपने ग्राहकों को 7.90 प्रतिशत की शुरुआती ब्याज दरों के साथ होम लोन ऑफर कर रहा है। आज हम यहां जानेंगे कि एचडीएफसी बैंक से 60 लाख रुपये का होम लोन लेने के लिए आपकी मंथली सैलरी कितनी होनी चाहिए और इसके लिए आपको हर महीने कितने रुपये की ईएमआई भरनी होगी।
HDFC Bank से 60 लाख रुपये का होम लोन लेने के लिए कितनी होनी चाहिए सैलरी
आरबीआई इस साल रेपो रेट 1 प्रतिशत घटा चुका है, जिसकी वजह से होम लोन की दरें भी 1 प्रतिशत तक कम हो गई हैं। आरबीआई द्वारा रेपो रेट घटाए जाने के बाद देश के तमाम बैंकों ने होम लोन समेत बाकी सभी लोन की ब्याज दरें भी घटा दी हैं। प्राइवेट सेक्टर का एचडीएफसी बैंक भी होम लोन की ब्याज दरों में कटौती कर चुका है। एचडीएफसी बैंक अब 7.90 प्रतिशत की शुरुआती दरों से होम लोन ऑफर कर रहा है। 7.90 प्रतिशत की ब्याज दर से 30 साल के लिए 60 लाख रुपये का होम लोन लेने के लिए आपकी मंथली सैलरी 88,000 रुपये होनी चाहिए। लेकिन, इसके लिए आपको एक खास बात का ध्यान रखना होगा कि आपके नाम से कोई दूसरा लोन नहीं चल रहा हो।
हर महीने कितनी भरनी होगी ईएमआई
एचडीएफसी बैंक से 7.90 प्रतिशत की ब्याज दर पर 30 साल के लिए 60 लाख रुपये का होम लोन लेने पर आपको हर महीने करीब 44,000 रुपये की ईएमआई भरनी होगी। बताते चलें कि किसी भी बैंक से किसी भी तरह का लोन लेने के लिए आपका क्रेडिट स्कोर अहम भूमिका निभाता है। अगर आपका क्रेडिट स्कोर अच्छा नहीं है तो बैंक आपके लोन ऐप्लिकेशन को रिजेक्ट कर सकते हैं। किसी भी तरह के लोन के लिए एक अच्छा क्रेडिट स्कोर काफी मायने रखता है। क्रेडिट स्कोर के अलावा, आपकी पुराने लोन अकाउंट की भी जांच की जाती है। अगर आपका क्रेडिट स्कोर अच्छा है तो आप बैंक से ब्याज दरों में छूट की भी डिमांड कर सकते हैं।






































