
Lenskart IPO: आईवियर प्रोडक्ट्स बनाने वाली जानी-मानी कंपनी लेंसकार्ट सोमवार, 10 नवंबर को भारतीय शेयर बाजार में लिस्ट होने जा रही है। ये एक मेनबोर्ड आईपीओ था, जो घरेलू बाजार के दोनों प्रमुख एक्सचेंजों बीएसई और एनएसई पर लिस्ट होगा। लेंसकार्ट का आईपीओ 31 अक्टूबर को सब्सक्रिप्शन के लिए खुला था और 4 नवंबर को बंद हो गया था। आईपीओ के लिए अप्लाई करने वाले निवेशकों को 6 नवंबर को शेयरों का अलॉटमेंट किया गया था। सॉफ्टबैंक, अबु धाबी इंवेस्टमेंट अथॉरिटी जैसी ग्लोबल कंपनियों के निवेश वाली कंपनी लेंसकार्ट ने अपने इस आईपीओ से 7278.76 करोड़ रुपये जुटाए हैं।
निवेशकों को 402 रुपये के भाव पर अलॉट किए गए हैं शेयर
लेंसकार्ट ने अपने आईपीओ के तहत 2 रुपये की फेस वैल्यू प्रत्येक शेयर के लिए 382 रुपये से 402 रुपये का प्राइस बैंड फिक्स किया गया था। निवेशकों को 402 रुपये के भाव पर शेयर अलॉट किए गए हैं। कंपनी ने अपने कर्मचारियों को प्रत्येक शेयर पर 19 रुपये का डिस्काउंट दिया है। इस आईपीओ के तहत 2150.74 करोड़ रुपये के 5,35,01,096 फ्रेश शेयर जारी किए गए हैं, जबकि कंपनी के प्रोमोटरों ने 5128.02 करोड़ रुपये के 12,75,62,573 शेयर ओएफएस के जरिए जारी किए हैं। लेंसकार्ट के फाउंडर और प्रोमोटर पीयूष बंसल, नेहा बंसल, अमित चौधरी और सुमित कपाही के साथ और कई लोग/फर्म इसमें प्रोमोटर हैं।
ग्रे मार्केट में कितना चल रहा है जीएमपी
लेंसकार्ट के आईपीओ को निवेशकों से अच्छा-खासा सपोर्ट भी मिला है। आईवियर प्रोडक्ट्स बनाने वाली इस कंपनी के आईपीओ को कुल 28.27 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है। हालांकि, ग्रे मार्केट में लेंसकार्ट के आईपीओ को कुछ खास तवज्जो नहीं मिल रही है। ग्रे मार्केट में लेंसकार्ट के शेयरों का मौजूदा जीएमपी 0 (शून्य) चल रहा है। बताते चलें कि 27 अक्टूबर को कंपनी के शेयर, ग्रे मार्केट में 108 रुपये के जीएमपी के साथ ट्रेड कर रहे थे। हालांकि, उसके बाद से ही इसमें लगातार उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है।
Disclaimer: ये आर्टिकल सिर्फ जानकारी के उद्देश्य से लिखा गया है। किसी भी प्रकार के निवेश से पहले या वित्तीय जोखिम लेने से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के जोखिम के लिए उत्तरदायी नहीं होगा।






































