12 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

एक्टर पंकज त्रिपाठी, अली फजल और श्वेता त्रिपाठी ने ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के बनारस शेड्यूल की शूटिंग पूरी कर ली है। बनारस में शूटिंग का शेड्यूल दो सप्ताह तक चला।
इस दौरान शहर के घाटों और गलियों में हुई शूटिंग ने टीम की पुरानी यादें एक बार फिर ताजा कर दीं। अब फिल्म का अगला शेड्यूल मुंबई में शुरू होगा।
शूटिंग आध्यात्मिक अनुभव रही: पंकज त्रिपाठी
एक्टर पंकज त्रिपाठी ने बनारस में शूटिंग को लेकर कहा, “मिर्जापुर ने मुझे मेरी जिंदगी का एक यादगार किरदार दिया है। बनारस में शूट करना, जहां से सब शुरू हुआ था, अपने आप में एक आध्यात्मिक अनुभव जैसा लगा। इस शहर की ऊर्जा अद्भुत है, यहां शांति भी है, हलचल भी, भक्ति भी है और ड्रामा भी। हर बार यहां शूट करते हुए मन कृतज्ञता से भर जाता है। लोगों ने जो प्यार हमें इस शेड्यूल में दिया, वो दिल छू लेने वाला था। एक बार फिर महसूस हुआ कि मिर्जापुर कितनी गहराई से दर्शकों के दिलों में बसी हुई है।”

सीरीज मिर्जापुर में पंकज त्रिपाठी ने कालीन भैया का किरदार निभाया।
बनारस हमेशा घर जैसा लगता है: अली फजल
एक्टर अली फजल ने अपनी खुशी जाहिर करते हुए कहा, “बनारस हमेशा से घर जैसा महसूस होता है। यहीं गुड्डू पंडित ने खुद को पहचाना और अपनी असली ताकत पाई। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ के लिए यहां लौटना कई यादें ताजा कर गया, सिर्फ पिछले सीजन्स की नहीं, बल्कि उस सफर की भी जो हमने एक टीम और किरदारों के रूप में तय किया है। लोगों की गर्मजोशी, घाटों की हलचल और शहर का जादू ये सब कहानी को और भी गहराई देते हैं। हमने इस शेड्यूल को एक खूबसूरत नोट पर खत्म किया है और मैं अगले चरण का बेसब्री से इंतजार कर रहा हूं।”

मिर्जापुर में गुड्डू पंडित की भूमिका अली फजल ने निभाई।
‘गोलू’ का रोल मेरा भावनात्मक सफर है: श्वेता त्रिपाठी
एक्ट्रेस श्वेता त्रिपाठी ने अपनी फीलिंग्स शेयर करते हुए कहा, “हर बार जब मैं बनारस में शूट करती हूं, लगता है जैसे जिंदगी एक पूरा चक्र पूरा कर रही हो। ‘मसान’ से लेकर ‘मिर्जापुर’ तक, इस शहर ने मेरी एक्टिंग जर्नी के कई खास पल देखे हैं। ‘गोलू’ का रोल मेरे लिए ताकत, साहस और ग्रोथ की कहानी है और बनारस की वाइब उस इमोशन को एकदम रियल बना देती है।”

गोलू गुप्ता का किरदार श्वेता त्रिपाठी ने निभाया।
श्वेता ने आगे कहा, “मुझे गोलू बुलाया जाना सच में अच्छा लगता है। ये सिर्फ एक रोल नहीं, बल्कि हर घर का नाम है और सबके दिल के करीब है। गोलू मेरे साथ बढ़ी है और ये देखना अद्भुत है कि दर्शक उसे कितना प्यार करते हैं। यहां के लोगों ने हमें जितना अपनापन और प्यार दिया, वो बेहद भावुक कर देने वाला था। ये शूट थोड़ा भारी भी था और दिल से जुड़ा हुआ भी। मैं इस शहर का एक हिस्सा अपने साथ लेकर मुंबई के अगले शेड्यूल की ओर बढ़ रही हूं।”








































