पंजाबी सिंगर काशीनाथ जगराते के दौरान गिफ्ट किया सोना कड़ा लौटाते हुए।
पंजाबी सिंगर काशीनाथ गोल्ड का 10 तोले सोने का कड़ा लौटाने से सुर्खियों में आ गए हैं। लुधियाना में हुए एक धार्मिक कार्यक्रम के दौरान उन्हें एक व्यक्ति ने यह सोने का कड़ा दिया।
.
कड़े को हाथ में लेते ही सिंगर काशीनाथ ने कहा- ये तो सोने का कड़ा है। 10 तोले से कम का नहीं है। 10 लाख इसकी कीमत होगी। मैं इसे स्वीकार नहीं कर सकता। इसे लिया तो गुरुओं-पीरों से ली शिक्षा खत्म हो जाएगी।
इससे प्यार हो गया तो मेरी इबादत ही खत्म हो जाएगी। सिंगर काशीनाथ हरियाणा के कैथल में जन्मे हैं लेकिन इस वक्त मोहाली में रहते हैं।

सिंगर को स्टेज पर कड़ा देता व्यक्ति।
सिंगर ने कड़ा हाथ में पकड़ कहीं अहम बातें
- इससे प्यार हो गया तो, मेरी इबादत मिट्टी हो जाएगी, : सिंगर काशीनाथ को एक व्यक्ति स्टेज पर सोने का कड़ा भेंट करता है। इस पर काशीनाथ कड़े को हाथ में पकड़कर गौर से देखते हैं। गोल-गोल घुमाते हैं और कहते हैं कि बाबेओं मेरी इबादत मिट्टी हो जाएगी अगर मुझे इससे प्यार हो गया तो। इसके लिए मैंने गुरुओं-पीरों की इबादत थोड़े न की थी। यह कहते ही वह कहते हैं कि इसे आप खुद ही रख लो, मुझे ये नहीं चाहिए।
- मैं कलगीधर को क्या जवाब दूंगा: सिंगर काशीनाथ कड़े को भेंट करने वाले के हाथ में पहनाने लगता है। इसके बाद कड़ा देने वाला व्यक्ति हाथ जोड़कर खड़ा हो जाता है और फिर कड़े को अपने हाथ में पहन लेता है। इसके बाद सिंगर कहते हैं कि मैं इस कड़े को लेकर कलगीधर पातशाह को क्या जवाब दूंगा। वह कहेगा लालची हो गया तू। तुझे यही चाहिए था क्या। तेरा मन सोने को देखकर डोल गया।
- जहां हीरे लोग बैठे हों, वहां सोने का क्या काम: कड़े को लेकर धार्मिक कार्यक्रम के स्टेज पर सिंगर काशीनाथ 5 मिनट तक बोलते हैं। जब कड़ा लौटाने पर लोग उनकी तरफ उत्सुकता से देखने लगे तो सिंगर ने कड़ा देने वाले व्यक्ति को लोगों की तरफ हाथ से इशारा करते हुए कहा कि जहां मुझे प्यार करने वाले इतने सारे हीरे लोग बैठे हों वहां सोने का क्या करना है।
- मैंने मरकर यार का दीदार पाया, तू कहता है ऐसे ही मिल जाए: सिंगर काशीनाथ कड़ा देने वाले को कहते हैं चलो ये मेरी तरफ से आपको गिफ्ट रहा। इस पर वह कहते हैं भले लोगो…वो कहते हैं न कि मैंने मरकर यार का दीदार पाया, तू कहता है कि ऐसे ही मिल जाए। यानी भगवान को पाने के लिए तो मरना पड़ता है और तू चाहता है कि वो जीते जी मिल जाए। भगवान को पाने वालों के लिए सोना-चांदी ये दुनियावी चीजें बहुत तुच्छ होती हैं।

लुधियाना में हुए जगराते में पहुंचे थे सिंगर 10 तोले सोने का कड़ा लौटाने की ये घटना शनिवार रात लुधियाना में हुए जागरण की है। ये जागरण जय मां अंबे क्लब ने करवाया था। धार्मिक कार्यक्रम बाबा जीवन सिंह नगर की गली नंबर-1 में हुआ। सिंगर ने कड़ा लौटाने के अंत में कहा कि आपने मेरे सिर पर हाथ रख दिया, इतना ही बहुत है, जिंदा रहे तो बार-बार मिलेंगे, मर गए तो हरिद्वार मिलेंगे।







































