10 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

एक्टर टाइगर श्रॉफ की फिल्म ‘बागी 4’ का ट्रेलर आज शनिवार को रिलीज हुआ। इस फिल्म से डायरेक्टर ए. हर्षा बॉलीवुड में डेब्यू कर रहे हैं। वह साउथ सिनेमा में शिवा राजकुमार और पुनीत राजकुमार के साथ काम कर चुके हैं।
ट्रेलर लॉन्च के बाद यह सोशल मीडिया पर चर्चा में आ गया। यूट्यूब ने इसे ‘इनएप्रोप्रिएट फॉर सम यूजर्स’ बताया। प्लेटफॉर्म ने कहा कि इसमें हिंसक विजुअल्स ज्यादा हैं।
ट्रेलर में हिंसा को देखते हुए, शुरुआत में ही ‘रिस्ट्रिक्टेड वायलेंस’ का लोगो नजर आता है। इसके बाद टाइगर की एंट्री होती है। वह हाथ में बड़ा चाकू लिए दिखाई देते हैं।

फिल्म में टाइगर के अलावा सोनम बाजवा, श्रेयस तलपड़े और सौरभ सचदेवा भी अहम रोल में हैं।
वॉइस ओवर में कहा गया है, “मैंने मोहब्बत की अनगिनत कहानियां देखी हैं, लेकिन ऐसी एक्शन लव स्टोरी पहले कभी नहीं देखी। एक बागी, रोमियो, मजनूं और रांझा सब पर भारी।”
एक सीन में उनसे पूछा जाता है, “क्या तुम्हारा दिमाग खराब हो गया है?” इस पर वह जवाब देते हैं, “दिमाग नहीं, दिल गया है।”
इसके बाद कहानी में मनोवैज्ञानिक ट्विस्ट की झलक मिलती है। श्रेयस तलपड़े का किरदार कहता है, “अलीशा (हरनाज संधू) तो सिर्फ इसके दिमाग में है।”
फिल्म की कहानी में टाइगर एक ऐसे शख्स का किरदार निभा रहे हैं, जो अपनी पार्टनर (हरनाज संधू) की मौत का बदला लेता है। फ्लैशबैक में वह नेवी ऑफिसर की यूनिफॉर्म में नजर आते हैं, लेकिन पार्टनर की मौत उन्हें बदले की राह पर ले जाती है।

फिल्म का प्रोडक्शन साजिद नाडियाडवाला ने किया है।
संजय दत्त बने विलेन, किरदार का लुक चर्चा में संजय दत्त फिल्म में विलेन का रोल प्ले कर रहे हैं। उनका किरदार एक किले में रहता है और उंगलियां काटने वाला हिंसक सीन करता है।
यह फिल्म 5 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। इसी दिन विवेक अग्निहोत्री की द बंगाल फाइल्स भी आ रही है।
बागी फ्रेंचाइजी पहले भी सफल रही है। 2016 में आई पहली फिल्म ने 125.90 करोड़ रुपए की कमाई की थी। बागी 2 (2018) ने 257 करोड़ रुपए कमाए। बागी 3 (2020) लॉकडाउन से पहले रिलीज हुई थी और 137 करोड़ रुपए कलेक्ट किए। इसकी लागत 100 करोड़ थी। इसी पॉपुलैरिटी को देखते हुए चौथे पार्ट को मंजूरी दी गई।





































