
बारिश के बाद सड़क पर भरा पानी।
देशभर में मॉनसून कहर बरपा रहा है। बाढ़-बारिश से कहीं नदियां उफान पर हैं तो कहीं खेत, घर, सड़कें सब जलमग्न हैं। उत्तराखंड से लेकर उत्तर प्रदेश और जम्मू से बिहार तक जमकर बारिश हो रही है जिस वजह से कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति देखने को मिल रही है। उत्तरकाशी में बादल फटने की घटना ने लोगों में डर का माहौल पैदा कर दिया है।
देश के किन-किन राज्यों में होगी भारी बारिश?
इस बीच आज भी मौसम विभाग ने बाढ़-बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। IMD के मुताबिक उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार, झारखंड, केरल और कर्नाटक में भारी बारिश हो सकती है तो हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, दिल्ली-NCR में IMD का येलो अलर्ट है। इसके अलावा मध्य प्रदेश, ओडिशा और पश्चिम बंगाल में भी आसमानी आफत देखने को मिलेगी जहां भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
आज यूपी में कैसा रहेगा मौसम?
बात करें यूपी की तो यहां 20 से ज्यादा जिले बाढ़ से प्रभावित हैं, सबसे बुरे हाल वाराणसी और प्रयागराज के हैं। बाढ़ के पानी ने वाराणसी की तंग गलियों से लेकर तमाम घाटों को अपनी चपेट में ले लिया है। वहीं प्रयागराज में भी गंगा और यमुना के उफान से बाढ़ के बाद गंभीर हालात हैं। घरों में पानी भर जाने की वजह से लोग सुरक्षित जगहों की ओर पलायन कर चुके हैं और प्रशासन लगातार रेस्क्यू में जुटा है।

प्रयागराज में बाढ़ के बाद गंभीर हालात।
मौसम विभाग ने आज यूपी के 10 जिलों में भारी बारिश और तेज गति की हवा का अलर्ट जारी किया है। इस मूसलाधार बारिश की चपेमट में लखीमपुर खीरी, बहराइच, गोंडा, अयोध्या, सुल्तानपुर, जौनपुर, प्रयागराज, मिर्जापुर, सोनभद्र, चंदौली, गाजीपुर, प्रतापगढ़ जिले आ सकते हैं। यहां के लोगों से सावधान रहने की अपील की गई है।
देश की राजधानी में कैसा रहेगा मौसम?
भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है और अगले 2 दिनों तक यह सिलसिला जारी रहेगा। इसके अलावा एनसीआर में भी आज भारी बारिश का अनुमान है, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। लक्ष्मी नगर, पटपड़गंज, उत्तरी दिल्ली, दक्षिणी दिल्ली में बारिश का असर देखा जा सकता है।
बिहार-झारखंड में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग के मुताबिक राजधानी पटना, रोहतास, गया, औरंगाबाद, कैमूर, सुपौल, अररिया, शिवहर, सीतामढ़ी, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, मधुबनी में भारी बारिश की संभावना है और कहीं-कहीं आकाशीय बिजली और वज्रपात की चेतावनी जारी की गई है। लोगों को बिना काम के घर से बाहर निकलने से परहेज करने के लिए कहा गया है।
झारखंड में भी मौसम विभाग में मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की है। पलामू, चतरा, गढ़वा, हजारीबाग, लातेहार, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला, पूर्वी सिंहभूम, सिमडेगा, गुमला में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
MP में कैसा रहेगा मौसम?
मध्य प्रदेश में 20 से अधिक जिलों के तेज हवा के साथ भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। इनमें शिवपुरी, मोरेना, सागर, भोपाल, भिंड, विदिशा, सागर, रायसेन, अशोक नगर, सीहोर, होशंगाबाद, सागर, छतरपुर शामिल हैं। इसके अलावा गुना, ग्वालियर, शिवपुरी, टीकमगढ़, निवाड़ी में मध्यम से तेज बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
उत्तराखंड-पंजाब में कैसा रहेगा मौसम?
मौसम विभाग की मानें तो अगले 18 घंटे में उत्तरकाशी समेत उत्तराखंड के कई जिलों में भारी बारिश हो सकती है। रुद्रप्रयाग, बागेश्वर और देहरादून में भारी बारिश और आकाशीय बिजली का अलर्ट जारी है। हरियाणा और पंजाब में भी तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है, खासकर उत्तरी हिस्सों में। उत्तर प्रदेश में पूर्वी और पश्चिमी दोनों क्षेत्रों में बारिश का सिलसिला जारी रहेगा, कुछ स्थानों पर भारी बारिश और बाढ़ का खतरा भी है।
जम्मू में बारिश का हाल
मैदानी राज्यों के साथ-साथ पहाड़ी राज्यों में भी बारिश काल बनी हुई है। जम्मू के कई इलाकों में लगातार हो बारिश से जगह-जगह पानी भरा है जिससे बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। डोडा जिले में मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है और लोगों से घरों में ही रहने की अपील की जा रही है।
यह भी पढ़ें-
धराली में 28 केरलवासियों का ग्रुप हुआ लापता, उत्तरकाशी से गंगोत्री के लिए निकला था








































