नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर में मंगलवार की शाम को मौसम में अचानक बदलाव देखने को मिला। दिल्ली-एनसीआर में शाम को तेज धूल भरी हवाएं चलीं, जबकि कुछ जगहों पर हल्की बूंदाबादी भी हुई। वहीं मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने शहर के कई हिस्सों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार बिजली चमकने, ओलावृष्टि और मध्यम बारिश को लेकर ‘रेड’ और ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया। वहीं यूपी के कई इलाकों में भी तेज हवाओं का कहर देखने को मिला। यूपी के मथुरा और इटावा में तेज हवाओं की वजह से काफी नुकसान हुआ है।
दिल्ली के कई इलाकों के लिए रेड अलर्ट
मौसम विभाग ने दिल्ली में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। आईएमडी के मुताबिक दिल्ली के कई इलाकों में में गरज के साथ मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 60-80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं भी चल सकती हैं। वहीं मौसम विभाग ने बिजली चमकने और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई है। कई इलाकों में 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से भी हवाएं चल सकती हैं। मौसम विभाग ने उत्तरी दिल्ली के बाहरी इलाकों, उत्तर पश्चिम और उत्तर पूर्वी दिल्ली तथा आसपास के क्षेत्रों के लिए ‘ऑरेंज’ अलर्ट जारी किया है। इन इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश और बिजली चमकने के साथ-साथ तेज हवाओं की आशंका है। वहीं, शहर के अन्य हिस्सों के लिए ‘रेड’ अलर्ट जारी किया गया है।
यूपी के कई जिलों में प्रचंड गर्मी
यूपी की बात करें तो यहां भी दिन भर प्रचंड गर्मी का प्रकोप देखने को मिला। यूपी के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री तक पहुंच गया। बांदा आज यूपी का सबसे गर्म जिला रहा। वहीं प्रयागराज, मेरठ और झांसी में भी गर्मी का असर देखने को मिली। हालांकि शाम के समय कई जिलों में तेज हवाओं के साथ हल्की बूंदाबादी भी हुई। मथुरा में शाम के समय तेज हवाएं चलने की वजह से एक मकान का छज्जा गिर गया, जिससे 8 लोग घायल हो गए। वहीं इटावा में भी तेज हवाओं की वजह से काफी नुकसान हुआ। फिलहाल मौसम विभाग ने यूपी के 36 जिलों में गरज चमक के साथ तेज हवाएं चलने का अलर्ट जारी किया है। इसके अलावा 17 जिलों में लू चलने का अलर्ट है।
राजस्थान में कब मिलेगी गर्मी से राहत
मौसम विभाग के अनुसार, राजस्थान के कई इलाके भीषण गर्मी की चपेट में हैं। मंगलवार को 46.4 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ श्रीगंगानगर राज्य का सबसे गर्म स्थान रहा। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में राज्य के कुछ हिस्सों में लू चलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों तक पश्चिमी राजस्थान, खासकर जोधपुर और बीकानेर डिवीज़न में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने की उम्मीद है। इस दौरान अधिकतम तापमान 44 से 46 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं कुछ जगहों पर लू भी चल सकती है। 11 जून से राज्य के कुछ हिस्सों में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई जा रहा है। मौसम विभाग ने बताया कि 11 से 14 जून के बीच बीकानेर, जयपुर, अजमेर और भरतपुर डिवीज़न के इलाकों में तेज़ हवाओं (50-60 किमी प्रति घंटे) के साथ आंधी-तूफान आ सकता है और कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
कहां तक पहुंचा मानसून
वहीं मानसून की बात करें तो दक्षिण-पश्चिम मानसून आज उत्तरी बंगाल और पूर्वोत्तर राज्यों तक पहुंच गया है। मौसम विभाग ने कहा कि अगले चार से पांच दिनों में मानसून के पूर्वी, मध्य और पश्चिमी भारत में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां अनुकूल बनी हुई हैं। मौसम विभाग के अनुसार, ”दक्षिण-पश्चिम मानसून पूर्वोत्तर राज्यों के शेष हिस्सों, पूरे सिक्किम और उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है।” IMD ने उत्तर बंगाल के दार्जिलिंग, कलिम्पोंग, अलीपुरद्वार, जलपाईगुड़ी और कूच बिहार जिलों में 13 जून तक भारी बारिश का पूर्वानुमान लगाया है।
यह भी पढ़ें-






































