
अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए टाटा ग्रुप की आईएचसीएल (Indian Hotels Company Limited) और हयात होटल समेत कई प्रमुख कंपनियों ने चार अलग-अलग जगहों पर ‘इको-टूरिज़्म’ रिसॉर्ट डेवलप करने में दिलचस्पी दिखाई है। अधिकारियों ने शनिवार को ये जानकारी दी। अधिकारियों के मुताबिक ये रिसॉर्ट नील द्वीप, अवास द्वीप, लॉन्ग द्वीप और स्मिथ द्वीप पर बनाए जाएंगे। ये प्रोजेक्ट सार्वजनिक निजी भागीदारी (पीपीपी) मॉडल पर आधारित होगी। प्रशासन पोर्ट ब्लेयर स्थित मेगापोड रिसॉर्ट को भी नए स्वरूप में विकसित करने की योजना बना रहा है।
इन प्रमुख होटलों ने मीटिंग में लिया हिस्सा
अंडमान निकोबार द्वीप समूह एकीकृत विकास निगम लिमिटेड (NIIDCO) ने 28 जुलाई को टेंडर आमंत्रित किए थे। बोली से पहले 14 अगस्त को वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए आयोजित की गई एक अहम मीटिंग में द लीला, क्लब महिंद्रा, हयात, अंबुजा नेओटिया हॉस्पिटैलिटी, शैलेट होटल्स, जुनिपर होटल्स, द पार्क, पोलो होटल्स और जीवीके ग्रुप जैसी बड़ी कंपनियों ने हिस्सा लिया। NIIDCO की प्रबंध निदेशक चंचल यादव ने बताया कि मीटिंग में निवेशकों को सुझाव देने और सवाल पूछने का मौका दिया गया।
15 सितंबर को लगाई जाएंगी बोलियां
चंचल यादव ने कहा, ”हमारा लक्ष्य अंडमान और निकोबार द्वीप समूह को प्रकृति-आधारित और टिकाऊ पर्यटन का ग्लोबल डेस्टिनेशन बनाना है। सितंबर के पहले हफ्ते में निवेशकों को प्रोजेक्ट साइट का दौरा कराया जाएगा।” टेंडर के तहत 15 सितंबर को बोलियां लगाई जाएंगी। ऐसा पहली बार होगा कि एव्स द्वीप, जो अपने कई एकड़ नारियल के बागानों के लिए जाना जाता है, पर्यटन के लिए खोला जाएगा।
एव्स द्वीप को मिलेगी नई पहचान
प्रशासन का मानना है कि रिसॉर्ट बनने के बाद एव्स द्वीप, हैवलॉक द्वीप के बाद अंडमान में सबसे ज्यादा पसंद किया जाने वाला पर्यटन स्थल बन जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि ये मायाबंदर शहर के पास है और यहां जीवित और मृत मूंगे की समतल सतहें हैं और 2 किलोमीटर लंबा समुद्र तट इसे कैंपरों के लिए एक आदर्श स्थान बनाता है।
नील आइलैंड में 172 करोड़ रुपये की लागत से बनेंगे 120 कमरे
प्रशासन के पास 2.75 हेक्टेयर जमीन है, जिसे प्रोजेक्ट के डेवलपमेंट के लिए NIIDCO को लीज पर दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस प्रॉपर्टी पर लगभग 36 करोड़ रुपये का निवेश होगा और इसमें 50 कमरे होंगे। लॉन्ग आइलैंड के लालाजी बे में प्रस्तावित रिसॉर्ट की लागत लगभग 391 करोड़ रुपये होगी और इसमें 220 कमरे होंगे। स्मिथ आइलैंड में 60 करोड़ रुपये की लागत से 70 कमरे बनाए जाएंगे, जबकि नील आइलैंड में 172 करोड़ रुपये की लागत से 120 कमरे बनाए जाएंगे।
पीटीआई इनपुट्स के साथ







































