
बाजार नियामक सेबी (SEBI) की तरफ से क्लीन चिट मिलने के बाद अडाणी ग्रुप की सभी कंपनियों के शेयरों में शुक्रवार को जबरदस्त तेजी देखने को मिली। इस तेजी की वजह से अडाणी ग्रुप की सभी कंपनियों के मार्केट कैप में कुल 69,000 करोड़ रुपये से भी ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे निवेशकों की संपत्ति एक ही दिन में जोरदार उछाल के साथ काफी ऊपर पहुंच गई। पूंजी बाजार नियामक सेबी ने अमेरिकी फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च द्वारा लगाए गए आरोपों पर अडाणी ग्रुप और उसके चेयरमैन गौतम अडाणी को क्लीन चिट दे दी है। इस सकारात्मक घटनाक्रम का ग्रुप की सभी कंपनियों के शेयरों पर अनुकूल असर देखने को मिला।
12.40 प्रतिशत की तेजी के साथ बंद हुए अडाणी पावर के शेयर
शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, शुक्रवार को अडाणी पावर 12.40 प्रतिशत की उछाल के साथ सबसे आगे रही। कारोबार के दौरान इसका शेयर अपने 52-वीक हाई पर पहुंच गया। अडाणी टोटल गैस में 7.35 प्रतिशत, अडाणी ग्रीन एनर्जी में 5.33 प्रतिशत और अडाणी एंटरप्राइजेज में 5.04 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। अडाणी एनर्जी सॉल्यूशंस भी 4.70 प्रतिशत चढ़ा। इसके अलावा, सांघी इंडस्ट्रीज में 1.41 प्रतिशत, एसीसी में 1.21 प्रतिशत, अडाणी पोर्ट्स में 1.09 प्रतिशत और अंबुजा सीमेंट्स में 0.28 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई।
13.96 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया ग्रुप का मार्केट कैप
इस व्यापक तेजी का असर ये हुआ कि ग्रुप की सभी कंपनियों का कुल मार्केट कैप 13.96 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इस तरह एक ही दिन में ग्रुप का मार्केट कैप 69,000 करोड़ रुपये से भी ज्यादा बढ़ गया। ग्लोबल ब्रोकरेज फर्म मॉर्गन स्टेनली की अडाणी पावर के बारे में जारी की गई सिफारिश ने भी निवेशकों की धारणा पर अनुकूल असर डाला। घरेलू ब्रोकरेज कंपनी बजाज ब्रोकिंग रिसर्च ने कहा, ‘‘सेबी द्वारा हिंडनबर्ग जांच में ग्रुप को क्लीन चिट देने के बाद अडाणी ग्रुप के शेयरों में तेजी आई। इससे, ग्रुप में निवेशकों का भरोसा लौटा है और ग्रुप की कंपनियों में मजबूत खरीदारी देखने को मिली।’’
जनवरी, 2023 में हिंडनबर्ग ने अडाणी पर लगाए थे गंभीर आरोप
बंद हो चुकी निवेश फर्म हिंडनबर्ग रिसर्च ने जनवरी, 2023 में अडाणी ग्रुप पर शेयर हेराफेरी करने और संबंधित पक्षों के लेनदेन में गड़बड़ी का आरोप लगाया था। इन आरोपों के बाद अडाणी ग्रुप की कंपनियों के मार्केट कैप में करीब 150 अरब डॉलर तक की गिरावट आ गई थी।







































